झुंझुनूं के लोगों ने रियाद में दिया एकता का संदेश:सऊदी अरब में – विकसित भारत रन 2025; 200 से ज्यादा लोग दौड़े
झुंझुनूं के लोगों ने रियाद में दिया एकता का संदेश:सऊदी अरब में - विकसित भारत रन 2025; 200 से ज्यादा लोग दौड़े

झुंझुनूं : भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भारतीय दूतावास और माई भारत (MY Bharat) के सहयोग से आयोजित ‘विकसित भारत रन 2025’ में आयोजन किया गया। इस विकसित भारत रन 2025 में झुंझुनूं के लोगों ने अपनी खास पहचान बनाई। “राष्ट्र की सेवा के लिए दौड़ो” (Run to Serve the Nation) की थीम पर आयोजित इस दौड़ में 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया और सेवा तथा हरियाली का संदेश दिया।
झुंझुनूं के लोगों ने की वॉलिंटियरिंग
इस दौड़ में झुंझुनूं के लगभग 5–6 युवाओं ने वॉलंटियर के रूप में काम किया, उन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। भारतीय दूतावास के साथ मिलकर इन युवाओं ने न सिर्फ मैनेजमेंट संभाला बल्कि प्रतिभागियों को फिटनेस और सेवा का संदेश भी दिया।
रन टू सर्व द नेशन में भी थे शामिल
‘रन टू सर्व द नेशन’ थीम पर आयोजित 4 किलोमीटर लंबी इस दौड़ में 200 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें से कई प्रतिभागी झुंझुनूं से जुड़े थे।
प्रतिभागी बोले, यह आयोजन हमारे लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि विदेश में भी झुंझुनूं के लोग भारत की ताकत और संस्कृति का संदेश दे रहे हैं।

विकसित भारत का संकल्प, 200 से ज्यादा दौड़े
यह सामुदायिक दौड़ शनिवार की सुबह 6:30 बजे रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर स्थित दूतावास परिसर से शुरू हुई। 4 किलोमीटर लंबी इस दौड़ में भारतीय समुदाय के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। यह आयोजन भारत सरकार के ‘सेवा पखवाड़ा’ (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था, जिसका उद्देश्य फिटनेस, एकता और सामुदायिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना था।
दौड़ के बाद, भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल खान ने सभी प्रतिभागियों को ‘विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत’ की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी धावकों ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सक्रिय रूप से योगदान देने का संकल्प लिया।
एक पेड़ माँ के नाम
इस मौके पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 50 पौधे भी लगाए गए। यह आयोजन भारतीय प्रवासियों को जोड़ने और युवाओं को संगठित करने का एक बड़ा मंच बना। इस दौड़ में सऊदी खेल मंत्रालय के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
राजदूत डॉ. खान ने कहा, यह रन एकता और सेवा की भावना का प्रतीक है, जो विकसित भारत के सपने को साकार करने में हम सभी की भूमिका को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रदर्शन भी हुए, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा को उजागर किया गया।