पर्यावरण बचाने का संदेश, बाइक से 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा:8 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके महाराष्ट्र के विकास शिंदे, चिड़ावा में हुआ स्वागत
पर्यावरण बचाने का संदेश, बाइक से 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा:8 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके महाराष्ट्र के विकास शिंदे, चिड़ावा में हुआ स्वागत

चिड़ावा : महाराष्ट्र के सातारा जिले के रहने वाले विकास जगन्नाथ शिंदे हाल ही में बाइक से 12 ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पर निकले हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘पेड़ लगाओ’, ‘पानी बचाओ’ और ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ जैसे सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है।
अपनी यात्रा के दौरान विकास शिंदे शहर के विवेकानंद चौक पहुंचे, जहां राष्ट्रगान के बाद श्री विवेकानंद मित्र परिषद की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। परिषद संरक्षक रोहिताश्व महला, संजय दाधीच, महेश शर्मा धन्ना, कमलकांत पुजारी, पंकज नूनिया, मनोज मान, मकरंद सूर्यवंशी, शिवहरि शर्मा, रमेश स्वामी और रमेश कोतवाल ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मराठा मित्र मंडल ने बढ़ाया उत्साह
इससे पहले कोर्ट रोड पर मराठा मित्र मंडल की ओर से भी उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रशांत पाटिल, दिनेश मराठा, मकरंद सूर्यवंशी, विजय शर्मा, नितिन सूर्यवंशी और शुभम शर्मा मौजूद रहे। राजू मराठा ने उनके प्रयास की सराहना की, वहीं भाजयुमो जिलाध्यक्ष जयसिंह माठ ने उनके साहस को सलाम करते हुए शुभकामनाएं दीं।

12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन का लक्ष्य
विकास शिंदे ने बताया- वे अब तक 8 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं। उनकी यात्रा का अगला पड़ाव केदारनाथ है, लेकिन फिलहाल मंदिर बंद होने के कारण वे राजस्थान और दिल्ली का भ्रमण करने के बाद उत्तराखंड जाएंगे। इसके अलावा वे कामाख्या, त्रिपुरा सुंदरी, परशुराम कुंड, काली माता, कालीघाट, जगन्नाथ पुरी, कोणार्क, श्रीसैलम, तिरुपति बालाजी, कांचीपुरम, मदुरै और रामेश्वरम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के भी दर्शन करेंगे।
पवित्र जल लेकर करेंगे अभिषेक
शिंदे ने बताया कि इस यात्रा के दौरान वे देश की विभिन्न नदियों से पवित्र जल एकत्र कर रहे हैं। इस जल को वे अपने गृह नगर कोल्हापुर ले जाकर छत्रपति शिवाजी महाराज का झंडा फहराने और कुलस्वामी ज्योतिबा के अभिषेक के बाद विसर्जित करेंगे। उनकी यह यात्रा 1 नवंबर तक जारी रहेगी।