जरूरतमंद परिवारों को मिली राशन सामग्री:श्री बिहारी लाल जैन ट्रस्ट ने 101 परिवारों को दी मदद, तिरपाल बैग भी किए वितरित
जरूरतमंद परिवारों को मिली राशन सामग्री:श्री बिहारी लाल जैन ट्रस्ट ने 101 परिवारों को दी मदद, तिरपाल बैग भी किए वितरित

सादुलपुर : सादुलपुर में श्री बिहारी लाल जैन चैरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता-बैंगलोर की ओर से 101 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित की गई। ट्रस्ट पिछले 5 वर्षों से अन्न दान योजना चला रहा है। इस योजना के तहत प्रति माह अभावग्रस्त परिवारों को राशन दिया जाता है। अगस्त माह का राशन वितरण अग्रवाल महिला संगठन की अध्यक्ष ज्योति सरावगी और राजगढ़ महिला मंडल की अध्यक्ष शीला बंसल के नेतृत्व में किया गया। इस कार्य में ममता डोकवे वाला, सुनीता धानोठी और सरोज जैन ने भी सहयोग दिया। इस बार राशन के साथ उच्च गुणवत्ता के तिरपाल बैग भी दिए गए। ये बैग ट्रस्ट संचालक मुरारी लाल सरावगी ने बैंगलोर से भिजवाए हैं।
कार्यक्रम में ज्योति सरावगी ने मुरारीलाल सरावगी को एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया। शीला बंसल ने कहा कि चुरू जिले में यह अनूठा सेवा कार्य है। अन्नदान योजना संयोजक श्याम जैन ने बताया कि ट्रस्ट गौ सेवा, चिकित्सा सुविधा, बालिकाओं की शिक्षा और गरीब परिवारों की कन्याओं की शादी में भी सहयोग करता है। वितरण कार्यक्रम में प्रमिला राजपूत, लोकेश बैरासरिया और गणेश प्रजापत ने भी योगदान दिया।