लावरेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन : वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिवलिंग का विधिवत रुद्राभिषेक
लावरेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन : वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिवलिंग का विधिवत रुद्राभिषेक

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : सावन माह के अंतिम सोमवार को राज्य सरकार के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग की ओर से जिले के प्रसिद्ध लावरेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिपूर्वक शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्धि, खुशहाली और जनता के कल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, समाजसेवी सीए मनीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। रुद्राभिषेक के दौरान पूरे मंदिर परिसर में शिवभक्ति का माहौल छा गया और श्रद्धालुओं ने “बम-बम भोले” के जयकारों के साथ भगवान शिव की आराधना की। विधायक राजेंद्र भाम्बू ने कहा कि सावन के इस पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना कर उन्होंने झुंझुनूं जिले की जनता की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर विकास की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा देते हैं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाते हैं। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि रुद्राभिषेक का आयोजन देवस्थान विभाग के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिव की कृपा से राजस्थान निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर हो, यही हम सबकी कामना है। इस मौके पर जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, देवस्थान विभाग की सहायत लेखाधिकारी सुनीला सैनी, समाजसेवी सीए मनीष अग्रवाल भी मौजूद रहे।