फतेहपुर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की लिस्ट पर विवाद:जिला अध्यक्ष बोलीं- RSS भ्रामक जानकारी फैला रही है; भाजपा नेता ने कहा- मुस्लिम लीग जैसी हो गई कांग्रेस
फतेहपुर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की लिस्ट पर विवाद:जिला अध्यक्ष बोलीं- RSS भ्रामक जानकारी फैला रही है; भाजपा नेता ने कहा- मुस्लिम लीग जैसी हो गई कांग्रेस

फतेहपुर : फतेहपुर शहर कांग्रेस में नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद विवाद खड़ा हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रुखसाना मोहम्मद आरिफ खोखर ने 28 जून को 31 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें 27 मुस्लिम और 4 हिंदू सदस्यों को शामिल किया गया है। घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम लीग पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकारिणी हज कमेटी जैसी लगती है। उनका आरोप है कि कांग्रेस हिंदू वोट बैंक के साथ धोखा कर रही है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता गीठाला ने भाजपा और आरएसएस पर भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा-
“सोशल मीडिया पर भाजपा और आरएसएस के लोग जो भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं, मैं उसका खंडन करती हूं। जितनी भी मंडल कार्यकारिणी की सूची बनाई जाती है, वह जनसंख्या अनुपात और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ध्यान में रखकर बनाई जाती है। जो लोग इस सूची के आधार पर कांग्रेस को अल्पसंख्यकों की पार्टी बता रहे हैं, वे यह भी देखें कि पहले की कई सूचियों के आधार पर कांग्रेस को हिंदू पार्टी भी घोषित किया जा सकता था। भाजपा का मकसद आमजन और युवाओं का ध्यान महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, चिकित्सा और महंगाई जैसे मुख्य मुद्दों से हटाकर धार्मिक द्वेष फैलाना है। मैं युवाओं से निवेदन करती हूं कि वे वर्तमान में मौजूद सामाजिक बुराइयों पर ध्यान दें और उन्हें सुधारने की दिशा में आगे बढ़ें।”
वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रुखसाना मोहम्मद आरिफ खोखर ने सफाई दी कि उनके जोन में अधिकांश मुस्लिम बहुल वार्ड हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी में शामिल नाम वार्ड के कांग्रेस पार्षदों और पदाधिकारियों की सिफारिश पर तय किए गए हैं।