[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

NH-52 पर होटलों में चोरी, CCTV में कैद हुए चोर:सो रहे लोगों के मोबाइल, पर्स और नकदी निकाले, बुलेट मोटरसाइकिल पर हुए फरार


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसादुलपुर

NH-52 पर होटलों में चोरी, CCTV में कैद हुए चोर:सो रहे लोगों के मोबाइल, पर्स और नकदी निकाले, बुलेट मोटरसाइकिल पर हुए फरार

NH-52 पर होटलों में चोरी, CCTV में कैद हुए चोर:सो रहे लोगों के मोबाइल, पर्स और नकदी निकाले, बुलेट मोटरसाइकिल पर हुए फरार

सादुलपुर : सादुलपुर-चूरू राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे अज्ञात चोरों ने हाईवे किनारे स्थित कई होटलों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सो रहे लोगों के मोबाइल फोन, पर्स और नकदी चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने डोकवा गांव के पास स्थित हवेली होटल समेत हाईवे किनारे मौजूद अन्य होटलों को निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक युवक बाइक पर बैठा रहता है, जबकि दूसरा युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर होटल परिसर में दाखिल होता है और सो रहे लोगों के पास रखे मोबाइल फोन व पर्स उठाकर मौके से फरार हो जाता है।

सुबह उठे तो गायब मिले मोबाइल और पर्स

हवेली होटल के संचालक रमेश प्रधान ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह और होटल पर सो रहे तीन-चार अन्य लोग जागे तो उनके मोबाइल फोन और पर्स गायब मिले। इसके बाद होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी वारदात सामने आई।

इसी रात शनि मंदिर के पास स्थित श्री श्याम होटल में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। होटल संचालक सुमित झुर्रिया ने बताया कि बदमाश वहां से भी मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे युवक आदतन चोर लग रहे हैं और इससे पहले भी हाईवे किनारे स्थित होटलों में इसी तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

होटल संचालकों में दहशत, पुलिस से बढ़ी गश्त की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद हाईवे किनारे होटल संचालकों में भय का माहौल है। पीड़ितों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी अपील की है।

Related Articles