वार्ड 9 में जोहड़े में गंदगी का अंबार:दीवार टूटी, कचरा डालने से बिगड़ी स्थिति
वार्ड 9 में जोहड़े में गंदगी का अंबार:दीवार टूटी, कचरा डालने से बिगड़ी स्थिति

सादुलपुर : राजगढ़ शहर के वार्ड 9 में स्थित कच्चे जोहड़े में गंदगी का अंबार है। तीन साल पहले नगर पालिका मंडल ने जोहड़े की दीवार बनाने के लिए 24 लाख रुपए से अधिक का बजट खर्च किया था। लेकिन केवल 30 फीट दीवार का निर्माण हुआ। शेष दीवार आज तक नहीं बन पाई है। मौजूदा दीवार जीर्ण-शीर्ण होकर टूट चुकी है। जोहड़े में कचरा डालने से स्थिति और बिगड़ गई है। यहां गंदे पानी से ज्यादा कचरा दिखाई दे रहा है। बारिश के दौरान जोहड़ा लबालब भर जाता है और आसपास के क्षेत्र में पानी जमा हो जाता है।

वार्ड पार्षद राहुल पारीक ने बताया-इस मुद्दे को नगर पालिका की बैठकों में उठाया। स्थानीय और जिला प्रशासन को भी कई बार ज्ञापन भेजे गए। पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के हस्तक्षेप के बाद कलेक्टर ने नगर पालिका को स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। पालिका अधिशासी अधिकारी राकेश अरोड़ा ने कहा- हमारे पास जोहड़े से संबंधित पत्रावली उपलब्ध नहीं है। कई फाइल्स गायब है, उनमें एक यह भी गायब है। फिर भी जिला कलेक्टर से स्वीकृति लेकर अलग बजट आवंटित करवाया गया है और जल्दी ही निविदा जारी करके इस काम को करवा दिया जाएगा।