पानी की प्रोब्लम, मंत्री ने पीएचईडी अधिकारियों को लगाई फटकार:15 दिन में व्यवस्था सुधारने के निर्देश, लापरवाही बरतने पर निलंबन की चेतावनी
पानी की प्रोब्लम, मंत्री ने पीएचईडी अधिकारियों को लगाई फटकार:15 दिन में व्यवस्था सुधारने के निर्देश, लापरवाही बरतने पर निलंबन की चेतावनी

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : चंद्रकांत बंका
झुंझुनूं : जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शनिवार को झुंझुनूं में पानी की प्रोब्लम को लेकर जलदाय विभाग के कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में पानी की समस्या की शिकायतें मिली थी। मंत्री ने अधिकारियों को 15 दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया है और लापरवाही बरतने पर निलंबन की चेतावनी भी दी है।
शहर में पेयजल अनियमितता पर मंत्री नाराज
बैठक में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष और जिला प्रवक्ता कमलकांत शर्मा ने मंत्री चौधरी को झुंझुनूं शहर में पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं होने से की जानकारी दी थी। कहा कि आमजन को भारी परेशानी हो रही है। इस पर मंत्री ने सहायक अभियंता (एईएन) पुनीत सैनी सहित अन्य कर्मचारियों को लताड़ लगाई। उन्होंने सवाल किया कि जब आगे से जल आपूर्ति सुचारू है, तो फिर लोगों को रोजाना पानी क्यों नहीं मिल पा रहा है।
रोजाना सप्लाई के निर्देश
मंत्री चौधरी ने निर्देश दिए कि अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और शहर के प्रत्येक घर में रोजाना पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस भीषण गर्मी में शहर के किसी भी व्यक्ति को पानी समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार में पानी के लिए जनता को परेशान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शहर के चारों ओर बढ़ रहे क्षेत्रों के लिए राजस्थान सरकार अलग से बजट दे रही है।
लापरवाही बरतने पर निलंबन की चेतावनी
मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को चेतावनी दी, कि यदि 15 दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति में सुधार नहीं होता है और रोजाना पानी की सप्लाई शुरू नहीं होती है, तो अधिकारियों को निलंबित कर दिया जाएगा।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, विधायक राजेन्द्र भांबू, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, भाजपा नेता विश्वंभर पूनिया, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढुकिया, पार्षद चंद्र प्रकाश शुक्ला, पूर्व प्रधान गिरधारीलाल खींचड़, अरुणा सिहाग, रामनिवास सैनी, मुकेश पाटूसरी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।