नीमकाथाना में वन्यजीव गणना शुरू:12 वाटर पॉइंट पर 24 कर्मचारी तैनात, ट्रैप कैमरे से होगी निगरानी
नीमकाथाना में वन्यजीव गणना शुरू:12 वाटर पॉइंट पर 24 कर्मचारी तैनात, ट्रैप कैमरे से होगी निगरानी
नीमकाथाना : नीमकाथाना में बुधवार को सुबह 8 बजे से वन्यजीव गणना शुरू हो गई है। गुरुवार सुबह 7 बजे तक गणना जारी रहेगी। नीमकाथाना में 12 वाटर पॉइंट पर ये गणना की जा रही है। हर पॉइंट पर दो-दो कर्मचारी लगाए गए हैं। विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप कैमरे में वन्यजीव कैद होंगे। सुबह साढ़े 7 बजे कर्मचारी गणना के लिए वाटर पॉइंट पर तैनात हो गए थे।
रेंजर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि बालाजी मंदिर रायपुर जागीर, हिरवाला बांध, गणेश्वर गौशाला खेल के पास, अधरशिला बालाजी, बालेश्वर 10 हैक्टेयर, बालाजी मंदिर भितरली गांवड़ी, कुइयां भितरली गांवड़ी, पहाड़ी की तलहटी खेल नाहरा आगरी, टपकेश्वर मंदिर के पास, घुघाड़ी धाम पहाड़ी की तलहटी, कुल्डा मंदिर भितरली गांवड़ी और बबेरा श्मशान घाट प्रीतमपुरी में 12 अलग-अलग पॉइंट पर गणना जारी है। रेंजर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि 1 महीने पहले वन्यजीव गणना होनी थी, लेकिन विभाग ने बारिश होने के कारण गणना को निरस्त कर दिया।
वन विभाग की ओर से चांदनी रात को ही वाटर पॉइंट पर वन्यजीव गणना की जाती है। वन्यजीवों की गणना वन्यजीव संरक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। दो वर्ष बाद हो रही वन्यजीव गणना में वन विभाग को जंगली जानवरों का कुनबा बढ़ने की आस है। वन्यजीव गणना के दौरान विभाग के कर्मचारियों के सफेद कपड़े पहनने, धूम्रपान करने और शोर शराबा करने पर पाबंदी रहेगी। रेंजर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्णिमा पर चांदनी रात रहेगी कर्मचारी के सफेद कपड़े पहनने से वो कपड़े दूर से ही दिखाई देते है, जिस वजह से जानवर पास में नही आता है। साथ ही नर, मादा और शावकों की पहचान करने को लेकर अधिकारियों ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। जिले में भीषण गर्मी का दौर जारी है। गर्मी के चलते वन्यजीव गणना के दौरान ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का अधिकारी पूरे तरीके से ध्यान रखेंगे। रेंजर ने बताया कि सुबह कर्मचारियों को गर्मी से बचने के लिए छाछ ग्लूकोज और चने दिए जाएंगे। साथ ही रात में खाना दिया जाएगा।