नरहड़ दरगाह में कुर्बानी के पर्व ईद-उल-अजहा का उल्लास, विधायक पितराम सिंह काला ने दी शुभकामनाएं
नरहड़ दरगाह में कुर्बानी के पर्व ईद-उल-अजहा का उल्लास, विधायक पितराम सिंह काला ने दी शुभकामनाएं

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : निरंजन सैन
पिलानी : झुंझुनूं जिले की नरहड़ स्थित प्रसिद्ध हजरत हाजिब शकरबार शाह की दरगाह में शनिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाह में एकत्र होकर विशेष नमाज अदा की। नमाज के बाद परंपरा अनुसार कुर्बानी दी गई और सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाइयां दीं। इस मौके पर पिलानी विधायक पितराम काला भी नरहड़ दरगाह पहुंचे। यहां उन्होंने मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं और दरगाह में चादर चढ़ाकर मन्नत मांगी। उनके साथ पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवा और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल जांगिड़ भी उपस्थित रहे। दरगाह परिसर में फखरुद्दीन, करीम पीर, सलीम, कल्लू पीर, अजीज, शमीम, बशीर, लतीफ, असलम पीर, जग्गू सहित अन्य धर्मप्रेमियों ने अतिथियों का स्वागत किया। ईद की नमाज और कुर्बानी की रस्म के बाद सैकड़ों लोगों ने पीर बाबा की मजार पर पहुंचकर मत्था टेका और अमन-चैन की दुआ मांगी। इस मौके पर दरगाह क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया गया था। प्रशासन द्वारा भी त्यौहार को देखते हुए विशेष इंतजाम किए थे।