चूरू में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली की तैयारी:22 मई को डोटासरा समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
चूरू में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली की तैयारी:22 मई को डोटासरा समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : चूरू में कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस में सोमवार को संविधान बचाओ जिला स्तरीय रैली की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया ने बताया कि रैली 22 मई की शाम 4 बजे दादा बाड़ी में होगी। रैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राजस्थान सह प्रभारी चिरंजीराव शामिल होंगे। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका चौधरी, संभाग प्रभारी नसीम अख्तर इंसाफ और जिला प्रभारी व विधायक रीटा चौधरी भी मौजूद रहेंगी।
बैठक की अध्यक्षता शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष असलम खोखर और देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर दांदू ने की। रफीक मंडेलिया ने कहा कि भाजपा संविधान को कमजोर करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
मंडेलिया ने कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने चूरू में हुई भाजपा की तिरंगा यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज की भागीदारी के बावजूद यह यात्रा विफल रही। बैठक में धर्मेंद्र बुडानिया, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया, मोहम्मद हुसैन निर्वाण, पूर्व प्रधान अम्मीलाल कस्वां समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।