बुद्ध पूर्णिमा पर देशभर के 24 लाख घरों में यज्ञ:विश्व शांति और भारतीय सेना को संबल प्रदान करने के लिए प्रयास, मां गायत्री की ढाणी में तैयार किए जा रहे खास नैनो यज्ञ किट
बुद्ध पूर्णिमा पर देशभर के 24 लाख घरों में यज्ञ:विश्व शांति और भारतीय सेना को संबल प्रदान करने के लिए प्रयास, मां गायत्री की ढाणी में तैयार किए जा रहे खास नैनो यज्ञ किट

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : युद्ध जैसे हालात और राष्ट्रीय तनाव की घड़ी में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाली भारतीय सेना को मानसिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से बुद्ध पूर्णिमा (12 मई) को गायत्री परिवार की ओर से देश-विदेश के 24 लाख घरों में एकसाथ ‘गायत्री यज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा।
इस राष्ट्रव्यापी यज्ञ को लेकर सुजला क्षेत्र में भी जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। पाबोलाव बालाजी धाम के सामने स्थित मां गायत्री की ढाणी में यज्ञ के लिए नैनो यज्ञ किट तैयार की जा रही हैं, जिन्हें 2100 घरों में वितरित किया जाएगा।

संस्थान की संचालक ईशा गुर्जर ने बताया कि ढाणी में 11,000 नैनो यज्ञ किट तैयार करवाई गई हैं। इनमें से 2100 किट सुजानगढ़, जसवंतगढ़, लाडनूं और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित की जा रही हैं। हर किट में जड़ी-बूटियों से युक्त हवन सामग्री, गाय के गोबर से बना दीपक, कपूर और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
ईशा गुर्जर ने बताया कि यज्ञ विधि के अनुसार, कपूर को गोबर से बने दीपक में रखकर उसमें घी की आहुति दी जाएगी, फिर गायत्री मंत्र की 24 आहुतियां देकर यज्ञ संपन्न किया जाएगा। यह प्रयास विश्व शांति, सैनिकों की मानसिक शक्ति, और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि माँ गायत्री की ढाणी में प्रकृति एवं जलवायु संरक्षण, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के लिए समय-समय पर इस प्रकार के प्रयोग और आयोजन किए जाते हैं। नैनो यज्ञ करने के इच्छुक लोग संस्थान से संपर्क कर यह विशेष किट प्राप्त कर सकते हैं।