खराब सफाई व्यवस्था पर भड़के लोग:चांडक मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया, आंदोलन की दी चेतावनी
खराब सफाई व्यवस्था पर भड़के लोग:चांडक मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया, आंदोलन की दी चेतावनी

पिलानी : पिलानी कस्बे में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को लेकर आज लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (AIDYO) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने चांडक मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगरपालिका के कचरा वाहन को वापस लौटा दिया।
AIDYO के विष्णु वर्मा ने बताया कि पिछले कई महीनों से कस्बे की सफाई व्यवस्था खराब है। ठेकेदार के कर्मचारी ठीक से काम नहीं करते। नगरपालिका की ओर से कोई निगरानी भी नहीं होती। गली-मोहल्लों में नालियां सड़ांध मार रही हैं और कचरा बिखरा पड़ा है। शिकायत करने पर भी अधिकारी जांच के लिए नहीं आते।
प्रदर्शन के दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने नगरपालिका कार्यालय में ईओ प्रियंका बुडानिया को ज्ञापन सौंपा। ईओ ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद सफाई ठेकेदार और कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया तथा चांडक मार्ग के आसपास के इलाकों में सफाई कराई गई।
प्रदर्शन में सुमन देवी, प्रमोद देवी, शारदा देवी, शकुन्तला देवी, अंजना देवी, विमला देवी, प्रदीप आलड़िया, नरेश आलड़िया, योगेश, पुनीत रखेजा, रामेश्वर आलड़िया, विजेन्द्र, विनोद नारनौली, नवीन, रविकांत पाण्डे , शंकर दहिया, विष्णु वर्मा समेत कई महिलाएं और पुरुष शामिल थे। AIDYO कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।