MLA ने सुल्तानपुर को पूर्ण तहसील बनाने का मुद्दा उठाया:बोले- असनावर, रायथल, टाटोती को कम पटवार मंडल पर तहसील बनाया
MLA ने सुल्तानपुर को पूर्ण तहसील बनाने का मुद्दा उठाया:बोले- असनावर, रायथल, टाटोती को कम पटवार मंडल पर तहसील बनाया

कोटा : पीपल्दा से कांग्रेस विधायक चेतन पटेल ने विधानसभा में उप तहसील सुल्तानपुर को पूर्ण तहसील बनाने का मुद्दा उठाया है। पटेल ने कार्य संचालन संबंधी नियम 295 के तहत मुद्दा उठाते हुए कहा कि असनावर (झालावाड़) में 13, रायथल (बूंदी) में 12 व टाटोती (अजमेर) में 5 पटवार मंडल पर तहसील बनाई गई थी। जबकि उप तहसील सुल्तानपुर में वर्तमान में 19 पटवार मंडल है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सुल्तानपुर को बजट सत्र में पूर्ण तहसील बनाया जाना चाहिए।
ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही
उन्होंने कहा कि पीपल्दा विधानसभा में 2 तहसील है। एक पीपल्दा व दूसरी दीगोद तहसील। दीगोद तहसील मुख्यालय सांगोद विधानसभा क्षेत्र में आता है। दीगोद तहसील के अधीन उप तहसील सुल्तानपुर आती है।उप तहसील सुल्तानपुर में पंचायत समिति, नगर पालिका, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सांख्यिकी कार्यालय, थाना, महिला एवं बाल विकास, कृषि, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व अन्य कार्यालय स्थित है। सुल्तानपुर में 5 कानूनगो सर्किल, 19 पटवार मंडल व 75 गांव है। सुल्तानपुर कस्बे की जनसंख्या वर्तमान में दीगोद की जनसंख्या से कहीं ज्यादा है। सुल्तानपुर के आखिरी गांव मोहम्मदपुरा (मदनपुरा) की तहसील दीगोद तक 42 किलोमीटर की दूरी है। गरीब किसानों को तहसील कार्य के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।