नीमकाथाना जिला रद्द करने के विरोध में आक्रोश जनसभा:5 फरवरी को जयपुर कूच का ऐलान, प्रदर्शनकारियों ने बाजोर के ऑफिस में घुसने का किया प्रयास
नीमकाथाना जिला रद्द करने के विरोध में आक्रोश जनसभा:5 फरवरी को जयपुर कूच का ऐलान, प्रदर्शनकारियों ने बाजोर के ऑफिस में घुसने का किया प्रयास

नीमकाथाना : नीमकाथाना जिले को रद्द करने के विरोध में आज रामलीला मैदान में विशाल आक्रोश जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान 5 फरवरी को जयपुर कूच का निर्णय किया गया। सभा के बाद कलेक्ट्रेट तक पैदल रैली निकाली गई। रैली में शामिल राजेंद्र गुढ़ा और प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में पड़ रहे सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर के कार्यालय में घुसने का प्रयास किया और नारेबाजी की।

5 फरवरी को जयपुर कूच
सभा को संबोधित करते हुए नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने कहा-5 फरवरी को जिला बचाने के लिए नीमकाथाना की जनता जयपुर के लिए कूच करेगी। 5 फरवरी को जयपुर विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

सरकार को आंदोलन कर झुकाएंगे-सांसद
सीकर सांसद अमराराम ने कहा-नीमकाथाना जिले की मांग 1952 से चली आ रही थी और सरकार ने एक मिनट ने जिला हटा दिया। सरकार को आंदोलन करके झुकाएंगे। आगे-आगे भी बहुत बड़े-बड़े आंदोलन किए गए हैं, लेकिन कोई आंदोलन फेल नहीं गया और सरकारें झुकी है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन करके सीकर संभाग ओर नीमकाथाना जिला बहाल करके दिखाएंगे। सरकार मार ओर प्याज दोनों खाएगी फिर झुक जाएगी। नीमकाथाना बचाओ संघर्ष समिति जो भी फैसला लेगी, मैं उस समय हाजिर हो जाऊंगा और संसद को छोड़कर जनता के साथ कंधे से कंधे मिलाकर जयपुर कूच करेंगे।

प्रेम सिंह बाजोर में घुसने का प्रयास किया
सभा के बाद सभा स्थल से कलेक्ट्रट तक पैदल रैली निकाली गई। यहां एडीएम को ज्ञापन दिया गया। मार्ग में सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर का ऑफिस आता है। रैली के दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के नेतृत्व में लोगों ने बाजोर के कार्यालय में घुसने का प्रयास किया। हालांकि बाजोर के कार्यालय के बाहर पहले से पुलिस तैनात थी, जिस कारण कोई अंदर नहीं जा पाया। इस दौरान गुढ़ा समेत प्रदर्शकारियों ने जिला वापस करने को लेकर जमकर नारेबाजी की।
अभी गांधी के तरीके से, आगे भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस की तरह लड़ाई लड़ेंगे-गुढ़ा
इसके बाद रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। राजेंद्र गुढ़ा ने कलेक्ट्रेट में जमकर प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया। राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि इस बार प्रदर्शन में इतने लोग ही आए है, अगर जिला नहीं बना तो लाखों लोग आएंगे। अभी तो गांधी के तरीके से जिले की लड़ाई जनता लड़ रही है, लेकिन आगे भगत सिंह और सुभाष की तरह लड़ाई लड़ेंगे। अभी तो कलेक्ट्रेट के गेट तक ही सीमित है, आगे पूरी तैयारी के साथ तैयारी के साथ आएंगे और पुलिस भी अपनी तैयारी कर ले।
राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने जिले को हटाकर एक कुठाराघात का काम किया है और जनता से धोखा किया है। अगर जिले को हटाना ही था तो मुख्यमंत्री ने अपना गृह जिला डीग को क्यों रखा, उन्होंने अन्य जिलों के साथ भेदभाव किया है। आने वाले दिनों में यह नीमकाथाना की युवा उग्र आंदोलन करेंगे। मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कलेक्ट्रेट परिसर में आधे घंटे तक कलेक्ट्रेट के गेट पर जमकर प्रदर्शन किया।