जमीनी विवाद में महिला के बाल पकड़कर पीटा:कुल्हाड़ी और पत्थर लेकर आमने-सामने हुए, दोनों पक्षों ने मामला दर्ज कराया
जमीनी विवाद में महिला के बाल पकड़कर पीटा:कुल्हाड़ी और पत्थर लेकर आमने-सामने हुए, दोनों पक्षों ने मामला दर्ज कराया
सरदारशहर : जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। बुजुर्ग महिला को कांटों की बाड़ में गिराने के बाद बाल पकड़कर पीटा गया। इसके बाद महिलाएं कुल्हाड़ी और पत्थर लेकर आमने-सामने हो गईं। दोनों पक्षों ने क्रॉस FIR दर्ज कराई है। घटना सरदारशहर की मदीना कॉलोनी में 9 जनवरी को हुई, जिसका वीडियो आज, शनिवार को सामने आया है।
DSP रामेश्वर लाल ने बताया कि दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना कब्जा होने का दावा कर रहे हैं। एक पक्ष से नसीमा बानो और दूसरे पक्ष से चावली देवी नायक ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, इस झगड़े में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। शुक्रवार को दोनों पक्षों ने डीएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मदीना कॉलोनी में चावली देवी के घर के सामने एक प्लॉट है, जिस पर चावली और नसीमा बानो दोनों पक्ष कब्जा होने का दावा कर रहे हैं। इसी को लेकर 9 जनवरी को दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान चावली देवी को पकड़कर कांटों की बाड़ में गिरा दिया गया। फिर एक महिला और बच्चे ने उनके बाल पकड़कर मारपीट की। महिला को बचाने के लिए आ रहे व्यक्ति को एक बुजुर्ग ने डराकर रोक दिया।
इसके बाद महिलाएं कुल्हाड़ी और ईंट पत्थर लेकर आमने-सामने हो गई। इस घटना को लेकर नायक परिवार ने पांच लोगों के खिलाफ सरदारशहर थाने में मामला दर्ज कराया। वहीं, 10 जनवरी को कार्रवाई की मांग को लेकर डीएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। नायक समाज के तहसील उपाध्यक्ष डूंगरराम नायक ने 12 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और आंदोलन की चेतावनी दी है।