डूंडलोद नगरपालिका की पहली बैठक में हंगामा, 3 करोड़ की लाइटों से 97 लाख के सफाई टेंडर तक पर उठे सवाल
उपाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने पालिकाध्यक्ष-ईओ को घेरा, पौने तीन घंटे तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर; सफाई ठेकेदार को तीन दिन का नोटिस
डूंडलोद : नवसृजित डूंडलोद नगरपालिका के पहले बोर्ड की पहली ही बैठक में पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब पौने तीन घंटे तक चली बैठक में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं, ठेकेदारों से मिलीभगत और वार्डों के साथ भेदभाव को लेकर जमकर बहस हुई। पालिका उपाध्यक्ष यासमीन बानो और नेता प्रतिपक्ष मनफूल पूनियां सहित कई पार्षदों ने पालिकाध्यक्ष सचिन सैनी और अधिशासी अधिकारी अंगेश कुमावत को सवालों के घेरे में लिया। करीब तीन करोड़ रुपए की हेरिटेज लाइटों से लेकर दीपावली की सजावट और 97 लाख रुपए के सालाना सफाई टेंडर पर सवाल उठाए गए। हालांकि लंबी बहस और नोकझोंक के बाद बैठक के सभी एजेंडे पारित कर दिए गए।
पालिकाध्यक्ष सचिन सैनी की अध्यक्षता में बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई और दोपहर 2:15 बजे तक चली। शुरुआत में ईओ अंगेश कुमावत ने एजेंडे पढ़कर सुनाए। इसके बाद पार्षदों ने विभिन्न विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
नेता प्रतिपक्ष मनफूल पूनियां ने कस्बे में हाल ही में लगाई गई करीब तीन करोड़ रुपए की हेरिटेज लाइटों के काम में पक्षपात और घोटाले के आरोप लगाए। उन्होंने स्ट्रीट लाइट कार्य के एस्टीमेट और वर्क ऑर्डर की प्रतियां मांगीं। इस पर ईओ ने यह कहते हुए दस्तावेज देने से इनकार कर दिया कि पार्षदों को इसका अधिकार नहीं है। इसके बाद सदन में बहस तेज हो गई।
दीपावली सजावट और सफाई व्यवस्था पर भी घेरा
पालिका उपाध्यक्ष यासमीन बानो ने दीपावली पर नगरपालिका की ओर से करवाई गई सजावट में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निजी भवनों पर सजावट करवाई गई, जबकि सार्वजनिक स्थानों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांग भी रखी। पार्षद रिजवान ने स्ट्रीट लाइटों के मामले में वार्डों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया।
मनफूल पूनियां ने कहा कि स्ट्रीट लाइट और बिजली संबंधी कार्यों के ठेके केवल लाइसेंसधारी ठेकेदारों को ही दिए जाने चाहिए। उन्होंने सालाना 97 लाख रुपए के सफाई टेंडर के बावजूद कस्बे में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे होने पर सवाल उठाए।
गंदे पानी, सफाई और निराश्रित पशुओं की समस्या उठाई
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी प्रमुखता से रखीं। वार्ड 18 की पार्षद इकरा बानो ने सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था और निराश्रित पशुओं को पकड़ने की मांग की। वार्ड 2 की पार्षद बनेश देवी ने घरों में गंदे पेयजल की आपूर्ति का मुद्दा उठाया। वार्ड 13 की संतोष देवी ने गंदे पानी की निकासी और स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग रखी।
वार्ड 4 के पार्षद साजिद ने सफाई शाखा के कर्मचारियों पर मनमानी और लापरवाही के आरोप लगाए। पार्षद राधेश्याम सैनी ने कचरा पात्रों को नियमित खाली करवाने और वार्ड 7 में रास्ते के बीच खड़े हरे खेजड़ी के पेड़ को हटाने की मांग की। इसके अलावा डूंडलोद गढ़ से कायमखानी कोटड़ी तक स्वीकृत 45 लाख रुपए की सड़क का अधूरा काम पूरा करवाने की मांग भी उठाई गई।
35 लाख के टेंडर का मांगा हिसाब, ठेकेदार को तीन दिन की मोहलत
बैठक में जुलाई 2026 में जारी किए गए 35 लाख रुपए के नाली और क्रॉस निर्माण संबंधी टेंडर का ब्यौरा भी मांगा गया। पार्षदों ने नगरपालिका के विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। सफाई व्यवस्था पर लगातार उठ रहे सवालों के बीच पालिकाध्यक्ष सचिन सैनी ने सफाई ठेकेदार को तीन दिन का नोटिस देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ठेका निरस्त कर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
नए भवन से लेकर विकास कार्यों तक के प्रस्ताव पारित
बैठक में नगरपालिका के नए भवन का निर्माण, सफाई व्यवस्था के लिए जेसीबी, ट्रैक्टर और लोडर सहित अन्य उपकरण खरीदने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का विस्तार करने, आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए सेंटर होम बनाने, घर-घर कचरा संग्रहण और विभिन्न वार्डों में विकास कार्य करवाने के प्रस्ताव रखे गए। लंबी बहस के बाद सभी एजेंडे पारित कर दिए गए।
बैठक में पार्षद बुलकेश बानो, सोनू देवी, मुनीर खान, विनोद सैनी, बसंती सैनी, पिंकी, प्यारेलाल, सुनील और बाबूलाल सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे। वार्ड 14 के पार्षद अजय बैठक में नहीं पहुंचे।
आरोप निराधार, विकास कार्य नहीं रुकेंगे : पालिकाध्यक्ष
पालिकाध्यक्ष सचिन सैनी ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विपक्ष का काम विकास कार्यों को रोकना है। पिछले दो महीनों में डूंडलोद में हुए विकास कार्य विपक्ष को पसंद नहीं आ रहे हैं। कस्बे की जनता की आवश्यकता और भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी पर आरोप लगा सकता है, लेकिन आरोप लगाने वालों के पास प्रमाण हैं तो उन्हें सामने रखना चाहिए।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2543309


