मुंबई में जुटे चूरू के 300 प्रवासी परिवार, दीपावली स्नेह मिलन में दिखी राजस्थानी संस्कृति की झलक
घूमर पर थिरकीं महिलाएं, महाराणा प्रताप की नृत्य नाटिका ने मोहा मन; मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : मुंबई में बसे चूरू के प्रवासी परिवारों ने रविवार को दीपावली स्नेह मिलन समारोह में अपनी संस्कृति और मातृभूमि से जुड़ाव की अनूठी मिसाल पेश की। चूरू नागरिक संघ मुंबई की ओर से मलाड वेस्ट स्थित दुर्गादेवी सर्राफ हॉल में आयोजित समारोह में करीब 300 प्रवासी परिवार शामिल हुए। राजस्थानी लोकगीतों, घूमर नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान प्रवासियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के मुख्य अतिथि उद्योगपति बनवारीलाल बावरी और वरिष्ठ समाजसेवी विश्वनाथ चौधरी रहे। विशेष अतिथि के रूप में कथावाचक वीरेंद्र याग्निक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत और गणेश वंदना के साथ हुई। किशनलाल मोर ने चूरू के ऐतिहासिक और भौगोलिक स्वरूप की जानकारी दी। वहीं संजय सरावगी ने करीब 50 वर्ष पहले गठित चूरू नागरिक संघ मुंबई की स्थापना से लेकर अब तक की गतिविधियों और संगठन के विस्तार पर प्रकाश डाला।

घूमर पर मंच पर पहुंचीं महिलाएं, तालियों से गूंजा सभागार
सांस्कृतिक कार्यक्रम में ओम कला मंच के महेंद्र रूंगटा के निर्देशन में कलाकारों ने मारवाड़ी गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस बार पहली बार महिला मंडल प्रभारी करीना गुप्ता और रश्मि शर्मा की देखरेख में प्रवासी परिवारों की महिलाओं और बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राजस्थानी पारंपरिक घूमर नृत्य के दौरान सभागार में मौजूद महिलाएं भी मंच पर पहुंच गईं और लोकगीतों पर जमकर थिरकीं।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह में मुख्य अतिथि बनवारीलाल बावरी ने मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी और गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान आयोजित लकी ड्रॉ में भी प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। प्रवासी परिवारों ने पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लिया और अपनी मातृभूमि चूरू से जुड़ी यादें साझा कीं।
कार्यक्रम के संयोजक प्रवीण जोशी, पंकज सरावगी, करीना गुप्ता और रश्मि शर्मा ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। अतिथियों का स्वागत सुभाष चौधरी, रवि बगड़िया, राजीव कोठारी, लक्ष्मीकांत गुप्ता, डॉ. गोविंद, पंकज, प्रवीण, संजय, किशनलाल, विनोद और अर्हत सहित संघ की कार्यकारिणी ने किया। समारोह के समापन पर प्रवासी परिवार अपनी जन्मभूमि की यादों और आपसी मेलजोल की खुशियां लेकर विदा हुए।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2563204


