नकारात्मकता नहीं, एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़े समाज : कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग
‘अग्र उड़ान’ का प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ समापन, 150 से अधिक प्रतिभाओं और सहयोगियों का सम्मान
झुंझुनूं : अग्रवाल समाज समिति की ओर से अग्रसेन जयंती पर आयोजित चार दिवसीय ‘अग्र उड़ान’ कार्यक्रम का समापन प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग रहे, जबकि अध्यक्षता समिति अध्यक्ष गणेश हलवाई ने की। समारोह में 150 से अधिक प्रतिभाओं, प्रतियोगिताओं के विजेताओं और आयोजन में सहयोग करने वालों को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि समाज में नकारात्मकता फैलाने के बजाय एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़ने की भावना होनी चाहिए। धन, समय, सलाह और अनुभव के रूप में किसी के पास जो भी अतिरिक्त संसाधन हैं, उनका उपयोग समाज के हित में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, पत्रकार, वैज्ञानिक, सरकारी कर्मचारी या गृहिणी के रूप में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाता है, लेकिन समाज के प्रति सभी की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या समूह से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर भी नकारात्मकता नहीं फैलानी चाहिए। समाज की प्रगति एक-दूसरे की कमियां निकालने से नहीं, बल्कि सहयोग और सहभागिता से होती है। निस्वार्थ भाव से किया गया कार्य सामूहिक विकास का रास्ता मजबूत करता है।
14 विद्यार्थी बने सीए, डॉक्टर और विधि क्षेत्र की प्रतिभाएं भी सम्मानित
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समाज के 14 विद्यार्थियों के चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने, दो विद्यार्थियों के डॉक्टर बनने, एक के विशेषज्ञ डॉक्टर बनने और तीन विद्यार्थियों के एलएलबी की पढ़ाई करने पर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके माता-पिता के सहयोग और मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर पार्षद निर्वाचित हरिश तुलस्यान और रवि गुप्ता के साथ चुनाव लड़ने वाली प्रत्याशी मोनिका केडिया और राजेश केजड़ीवाल का भी सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने बांधा समां
समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष गणेश हलवाई ने सभी प्रस्तुति देने वाले बच्चों को अपनी ओर से चांदी का सिक्का देने की घोषणा की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदर्श बाल निकेतन के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां प्रथम रहीं।
कार्यक्रम संयोजक नितिन अग्रवाल और पुरुषोत्तम केडिया ने अतिथियों का स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश केजड़ीवाल, दिनेश अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, परमेश्वर हलवाई, सुभाष जालान और सुनील टीबड़ेवाला मौजूद रहे। संचालन पार्षद हरिश तुलस्यान ने किया।
समारोह में मंत्री अजीत राणासरिया, कोषाध्यक्ष रितेश सिंघानिया, उपाध्यक्ष आशीष तुलस्यान, उपमंत्री रवि गुप्ता बिरमीवाला, सीए लोकेश अग्रवाल, संदीप गोयल, बालकिशन भुकानिया, विनोद सिंघानिया, दिनेश अग्रवाल, ताराचंद गुप्ता भोड़कीवाला, श्यामसुंदर जालान नूआंवाला, जिला महामंत्री संदीप केडिया, जिला कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल गुढ़ावाला, सपना राणासरिया, संगीता गुप्ता, निर्मला ढंढारिया और रजनी गुप्ता सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में संयोजक नितिन अग्रवाल ने आभार जताया। गोपीराम गाडिया की ओर से अग्र प्रसाद की व्यवस्था की गई।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2446453

