उदयपुरवाटी में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी:20 घायल, 2 गंभीर हालत में रेफर; कदम कुंड से स्नान कर लौट रहे थे
उदयपुरवाटी में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी:20 घायल, 2 गंभीर हालत में रेफर; कदम कुंड से स्नान कर लौट रहे थे
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक पिकअप बेकाबू होकर रोड से नीचे उतर गई। इसके बाद दीवार से टकराकर पलट गई। घटना सोमवार दोपहर 3:30 बजे उदयपुरवाटी के पोंख क्षेत्र में नीमकाथाना रोड की है।
पिकअप सवार रिशाली और जयकोशी निवासी बिलवा (खेतड़ी) ने बताया- सोमवार को मोहल्ले के 25 लोग उदयपुरवाटी के छापोली स्थित प्रसिद्ध कदम कुंड में पवित्र स्नान के लिए आए थे। वापस लौटते समय पोंख के पास पिकअप बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और दीवार से जा टकराई। इसके बाद पिकअप मौके पर पलट गई। आसपास के लोगो मौके पर पहुंचे और पिकअप को सीधा किया।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पिकअप से बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से पौंख अस्पताल पहुंचाया। पौंख सीएचसी में करीब 20 घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को नीमकाथाना और झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर किया गया, जिनमें से दो की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें जयपुर भेजा गया है।

सूचना मिलते ही अस्पताल में बढ़ाई व्यवस्थाएं
हादसे की सूचना मिलते ही नीमकाथाना जिला अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम को तत्काल तैनात किया गया। इसके साथ ही नर्सिंग स्टाफ को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि एक साथ कई घायलों के पहुंचने पर उपचार में किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

पीएमओ कमल सिंह शेखावत ने अस्पताल पहुंचकर पूरी व्यवस्थाओं को संभाला। चिकित्सकों की टीम ने घायलों की जांच कर आवश्यक उपचार शुरू किया। गंभीर घायलों को जयपुर रेफर करने की प्रक्रिया भी तत्काल पूरी की गई।
हादसे में 20 श्रद्धालु घायल
हादसे में तीजा देवी (65), राकेश (35), प्रभाती (65), जयकोशी (55), बनवारी लाल (65), लक्ष्मी देवी (65), रिशाली देवी (60), रोशनी (52), बसंती (65), सुनीता (52), कलावती (65), मिश्री देवी (75), मंगली (70), छोटी देवी (65), निहाली (55), निशा (40), परिभा देवी (65), ग्यारसी (50) और रिंकू (21) घायल हुए हैं।
व्यवस्थाओं में झुंझुनूं प्रशासन फेल, भड़का ग्रामीणों का आक्रोश
श्रावण सोमवार पर मनसा माता मंदिर, मंडावरा और छापौली कुंड में हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद मंदिर मार्ग पर न तो यातायात व्यवस्था सुचारू करने के इंतजाम थे और न ही पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मनसा माता पहाड़ी क्षेत्र में पूर्व में भी बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन जिला व स्थानीय प्रशासन ने हादसों से कोई सीख नहीं ली।
हादसे से आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने पौंख में धरना शुरू कर दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता ब्रह्मदत्त मीणा (गुड़ा) ने प्रशासन से मंदिर क्षेत्र में तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, घायलों के समुचित इलाज और पहाड़ी मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम लागू करने की मांग की है।
बीसीएमओ डॉ. मुकेश भूपेश ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देश पर अस्पताल में मौका स्थिति पर पहुंचा। जहां आक्रोशित ग्रामीणों की मांगों को सुनकर मौके पर ही उच्च अधिकारियों से वार्ता कर तथा उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर ग्रामीणों की मांग के अनुसार अस्पताल में डॉक्टर तथा मेडिकल स्टाफ लगाने के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया जाएगा। आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2316646

