[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

लक्ष्मणगढ़ के बाजार में अतिक्रमण, जाम पर प्रशासन सक्रिय:एसडीएम ने व्यापारियों के साथ की बैठक; नो पार्किंग, बस संचालन पर हुई चर्चा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यलक्ष्मणगढ़सीकर

लक्ष्मणगढ़ के बाजार में अतिक्रमण, जाम पर प्रशासन सक्रिय:एसडीएम ने व्यापारियों के साथ की बैठक; नो पार्किंग, बस संचालन पर हुई चर्चा

लक्ष्मणगढ़ के बाजार में अतिक्रमण, जाम पर प्रशासन सक्रिय:एसडीएम ने व्यापारियों के साथ की बैठक; नो पार्किंग, बस संचालन पर हुई चर्चा

लक्ष्मणगढ़ : लक्ष्मणगढ़ के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम के मामले में आखिरकार प्रशासन सक्रिय हो गया। गुरुवार को एसडीएम की अध्यक्षता में पुराने बस स्टैंड के व्यापारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने, नो पार्किंग व्यवस्था लागू करने, ट्रैफिक संचालन को सुचारू बनाने तथा रोडवेज बसों का संचालन पुनः पुराने बस स्टैंड से शुरू कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

एसडीएम ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से रोडवेज बसों ने पुराने बस स्टैंड पर आना बंद कर दिया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रशासन को शिकायतें और ज्ञापन भी मिले थे।

रोडवेज डिपो प्रबंधक ने प्रशासन को बताया- पुराने बस स्टैंड और उससे जुड़े मार्ग पर ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग तथा दुकानों के बाहर रखे सामान के कारण बसों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

इसी के मद्देनजर पुराने तहसील कार्यालय के सामने से पुराने बस स्टैंड होते हुए तोदी कॉलेज के पास तक पूरे मार्ग को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के बाहर सामान नहीं रखें और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े नहीं करें। चेतावनी दी गई कि समझाइश के बाद भी नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने बताया कि सी.बी. मुरारका चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निर्मित बस डिपो को पेड पार्किंग के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग अपने वाहन वहां खड़े कर आगे रिक्शा या अन्य साधनों से बाजार पहुंच सकें। प्रशासन का प्रयास है कि ये व्यवस्था एक सप्ताह के भीतर लागू हो जाए।

उन्होंने बताया- रोडवेज डिपो प्रबंधक दीपक ने प्रशासन से मुलाकात कर कहा है कि यदि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होता है तो रोडवेज बसों का संचालन पुनः पुराने बस स्टैंड से शुरू करने में कोई आपत्ति नहीं होगी।

बैठक के बाद एसडीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा की और फिर पूरे नो पार्किंग रूट का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों और वाहन चालकों को दुकानों के बाहर सामान, वाहन और विज्ञापन बोर्ड नहीं रखने की समझाइश दी गई, ताकि सड़कें बाधारहित रहें और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।

काफी समय से ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से जूझ रहे कस्बेवासियों को अब प्रशासन की इस पहल से व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बंधी है। बैठक में डीएसपी दिलीप कुमार मीणा, थानाधिकारी महेन्द्र सिंह और नगरपालिका ईओ नवनीत कुमार सहित व्यापारीगण मौजूद रहे।

Related Articles