गैंगवार से पहले आरबीजी गैंग के 24 बदमाश गिरफ्तार:दो अवैध पिस्टल सहित 29 कारतूस जब्त, हत्या की साजिश नाकाम
गैंगवार से पहले आरबीजी गैंग के 24 बदमाश गिरफ्तार:दो अवैध पिस्टल सहित 29 कारतूस जब्त, हत्या की साजिश नाकाम
चूरू : चूरू में संभावित गैंगवार और बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए चूरू पुलिस ने आरबीजी गैंग के 24 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य अपने प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की साजिश रच रहे थे।
देवला जाट भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसका आरबीजी गैंग से लंबे समय से खूनी विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते गैंग हत्या की योजना पर काम कर रहा था। 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्यरात्रि की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो अवैध देशी पिस्टल, 29 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो और छह बोलेरो कैंपर जब्त किए हैं। पूरे मामले में संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर डीएसटी हुई सक्रिय
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार तथा डीएसपी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और दूधवाखारा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।
डीएसटी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरबीजी गैंग का सरगना रामस्वरूप जाट अपने साथियों के साथ दूधवाखारा थाना क्षेत्र के आसपास के गांवों में भारी हथियारों और कई वाहनों के साथ मौजूद है तथा किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है।
सूचना मिलते ही डीएसटी सक्रिय हुई और दूधवाखारा पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन बाद में उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुली हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से पुष्टि हुई कि गैंग के सदस्य प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की योजना बना रहे थे। इस संबंध में संगठित अपराध का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कोतवाली थानाधिकारी गौरव खिड़िया को सौंपी गई है।
नाकाबंदी में हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
दूधवाखारा थाना पुलिस ने एनएच-52 पर मयूर होटल के पास नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो कैंपर को रोककर श्रवण कुमार और सुरेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया।
तलाशी में श्रवण के पास से .32 बोर की देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले, जबकि सुरेंद्र के कब्जे से चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने स्वयं को आरबीजी गैंग का सदस्य बताते हुए हत्या की साजिश में शामिल होना स्वीकार किया।
दूसरी कार्रवाई में फिर मिला हथियारों का जखीरा
एक अन्य सूचना पर पुलिस ने कड़वासर चौराहे से अमित सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7.65 बोर की देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार वह भी हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए हथियार लेकर पहुंचा था।
अधिकांश आरोपी गंभीर मामलों में नामजद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई ऐसे बदमाश शामिल हैं, जिनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण, गैंगरेप, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मामले दर्ज हैं।
रामस्वरूप जाट के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, गैर इरादतन हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। कुछ मामलों में उसे सजा हो चुकी है, जबकि कई मामले कोर्ट में लंबित हैं।
गोपीराम ढोली पर चोरी, अपहरण, हत्या और मारपीट के छह मामले दर्ज हैं। तीन मामलों में वह सजायाफ्ता है।
खालिद खान के खिलाफ गैंगरेप, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित 11 मामले दर्ज हैं।
अनिल उर्फ गुड्डू जाट पर हत्या के प्रयास, अपहरण और चोरी के मामले दर्ज हैं।
श्रवण कुमार जाट पर हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के छह मामले दर्ज हैं।
अमित सिंह राजपूत के खिलाफ मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने और आर्म्स एक्ट के छह मामले दर्ज हैं।
सुरेंद्र कुमार पर छेड़छाड़ और मारपीट के तीन मामले दर्ज हैं।
अलताफ कायमखानी, जहीर खान और नरेंद्र सिंह के खिलाफ भी विभिन्न आपराधिक मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में ये शामिल
पुलिस ने रामस्वरूप जाट (बणी का बास, दूधवाखारा), गोपीराम (दूधवामीठा, रतननगर), खालिद उर्फ गांधी (राणासर), अनिल उर्फ गुड्डू (अलायला, भादरा), जहीर खान (नया बास, चूरू), अलताफ (टांई, झुंझुनूं), आदिल (घांघू), विकास शर्मा (झुंझुनूं), अनिल चौहान (वार्ड-53, चूरू), नरेंद्र सिंह (वार्ड-56, चूरू), नरेंद्र सिंह (झारिया मोरी, वार्ड-42), सचिन कुमार (बिसाऊ), प्रदीप खिंची (बिसाऊ), विकास शर्मा (राणासर), सुनील (दूधवामीठा), मनीष कुमार (बिसाऊ), इरफान (बिसाऊ), तारिफ, रमजान, इमदाद सहित कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में भी पुलिस जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से जिले में संभावित गैंगवार और एक बड़ी आपराधिक वारदात को टालने में सफलता मिली है। मामले में आगे भी अन्य आरोपियों और हथियारों के नेटवर्क की जांच जारी है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2292744


