विधवा महिला को पेंशन डॉक्यूमेंट बनाने का झांसा दिया:धोखे से जमीन खुद के नाम करवाई, बेटे को मां की मौत के बाद पता चला
विधवा महिला को पेंशन डॉक्यूमेंट बनाने का झांसा दिया:धोखे से जमीन खुद के नाम करवाई, बेटे को मां की मौत के बाद पता चला

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : श्रवण कुमार फगेडिया
सीकर : सीकर के उद्योग नगर इलाके में विधवा पेंशन डॉक्यूमेंट बनाने के नाम पर बुजुर्ग महिला से उनकी संपत्ति का हिस्सा हड़पने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला के बेटे ने अपने ही चाचा और चचेरे भाई के खिलाफ उद्योग नगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। उद्योग नगर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पेंशन की बात कह कर प्रॉपर्टी के पेपर साइन करवाए
सीकर के कुड़ली गांव निवासी महेंद्र ने उद्योग नगर पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया है कि वह तीन भाई और दो बहन है। उनकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है और पिता मदनलाल की मौत हो चुकी है। महेंद्र के पिता मदनलाल के हिस्से में भूमि खसरा नंबर 143 रकवा 2.5800 हैक्टेयर बारानी ग्राम कुड़ली में पुश्तैनी हिस्सा है। पिताजी की मौत के बाद चाचा मोतीलाल ने महेंद्र की मां शांतिदेवी को विधवा पेंशन के दस्तावेज बनवाने की बात कहकर,बहला फुसलाकर बहन मनभरी को भी गवाह के तौर पर साइन करने की बात कहकर अपने साथ उप पंजीयक कार्यालय सीकर लेकर गया।
जहां पिता के हिस्से की में से जमीन अपने नाम करवा ली। इसमें हेमचंद और सत्यनारायण ने बतौर गवाह के रूप में साइन किए। हाल ही में जब महेंद्र की मां की मौत हुई तो महेंद्र ने अपनी मां के हिस्से की जमीन की जानकारी जुटाई तो उसे इस बात का पता चला। जब इस बारे में बात करने के लिए महेंद्र अपने चाचा मोतीलाल की दुकान पर गया तो मोतीलाल और उसके लड़के विनय ने महेंद्र को जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल अब उद्योग नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई बीरबल सिंह कर रहे हैं।