दयाल का नांगल में घर में रखा गैस सिलेंडर फटा:चाय बनाते समय हुआ हादसा, एक ही परिवार के 6 लोग झुलसे
दयाल का नांगल में घर में रखा गैस सिलेंडर फटा:चाय बनाते समय हुआ हादसा, एक ही परिवार के 6 लोग झुलसे

नीमकाथाना : नीमकाथाना के दयाल का नांगल गांव में सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के 6 लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को नीमकाथाना जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एक व्यक्ति को जयपुर रेफर कर दिया गया। घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार दयाल का नांगल निवासी राम सिंह के परिवार की महिलाएं घर पर चाय बना रही थीं और पास में पूजा कर रही थीं। तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिसके बाद सिलेंडर फट गया। आग की चपेट में आने से पास में रखा फ्रिज का कम्प्रेसर भी फट गया, जिससे राम सिंह (55), नरेश सिंह (50), अनिता कंवर (25), सुनीता कंवर (45), नीरू (3) और धीरू (15) झुलस गए। सभी को नीमकाथाना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम सिंह को जयपुर रेफर किया गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घायल नरेश ने बताया कि अनिता कंवर गैस पर चाय बना रही थीं। राम सिंह और सुनीता के साथ नवरात्रि के अवसर पर उसी कमरे में मां दुर्गा की चौकी पर पूजा कर रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली। कमरे में पूजा के लिए जल रहा दीपक और वहां रखे कपड़े भी आग की चपेट में आ गए। उसी समय फ्रिज का सिलेंडर भी आग पकड़ने लगा, जिससे परिवार के लोग उसकी चपेट में आ गए और जैसे-तैसे कमरे से बाहर निकले। आग बुझाने के लिए राम सिंह मिट्टी लेकर कमरे में गया, लेकिन तभी गेट बंद हो गया और वह अंदर फंसकर आग की चपेट में आ गया।