सोना चुराने के मामले में एक साल बाद आरोपी गिरफ्तार:रानोली पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले आरोपी को भी पकड़ा
सोना चुराने के मामले में एक साल बाद आरोपी गिरफ्तार:रानोली पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले आरोपी को भी पकड़ा

सीकर : सीकर जिले की रानोली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी चोरी के मामले में पिछले 1 साल से फरार चल रहा था तो वहीं दूसरा आरोपी डेढ़ साल से फरार था।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अक्टूबर 2023 को पुष्कर दत्त निवासी, झुंझुनू ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया था कि वह किसी काम से जयपुर रेलवे स्टेशन पर गया हुआ था। उसने अपनी गाड़ी आतिश मार्केट छोटी चौपड़ में पार्क कर दी थी। गाड़ी में 2 किलो सोना था। रास्ते में आते वक्त लिफ्ट के बहाने उसके गाड़ी में 1 लड़का बैठ गया। जो की बाद में सोना लेकर भाग गया। इस मामले में पुलिस पहले दो आरोपी लड़कियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
वहीं पकड़े गए दूसरे आरोपी ने घर में घुसकर पिस्टल की नोक पर 3 लाख रुपए मांगे थे और जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद दोनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान आज पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनिल (24) निवासी नीमकाथाना व धर्मेंद्र (29) निवासी महेंद्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने में जुटी हुई है।