रामगढ़ शेखावाटी में 5 इंच पानी बरसा:नवलगढ़ रोड और रेलवे ट्रैक पर जलभराव,कई ट्रेनें 2 घंटे लेट
रामगढ़ शेखावाटी में 5 इंच पानी बरसा:नवलगढ़ रोड और रेलवे ट्रैक पर जलभराव,कई ट्रेनें 2 घंटे लेट

सीकर : सीकर में पिछले करीब दो सप्ताह से उमस की मार झेल रहे लोगों को आज राहत मिली। सीकर में आज सुबह 4:30 बजे से ज्यादातर इलाकों में बारिश का दौर जारी है। 5:30 तक तेज बारिश हुई। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर लगातार जारी है। बारिश के चलते सीकर के नवलगढ़ रोड, बजाज रोड और रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया।
वही बारिश के चलते सीकर के एसके कॉलेज की एक दीवार भी गिर गई। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं नवलगढ़ रोड पर जलभराव के चलते यहां रास्ते को ब्लॉक कर दिया गया है। इसी तरह बजाज रोड पर भी मुख्य सड़क और अन्य कनेक्टिंग गलियों में पानी आ चुका है।
बात करें यदि आज के तापमान की तो सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर सुबह न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि इससे पहले बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 29.5 और अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल आज सीकर में ज्यादातर समय बारिश होने की संभावना है। वहीं आगामी दिनों में भी बादलों की आवाजाही रहने के साथ अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
बारिश के चलते रेल यातायात प्रभावित
- सीकर से चूरू जाने वाली गाड़ी सीकर – चुरू डेमू ट्रेन का सीकर स्टेशन से रवाना होने का समय सुबह 7:40 का है। लेकिन यह ट्रेन 9:45 पर आज सीकर स्टेशन से चूरू के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन करीब 2 घंटे लेट है।
- इसी तरह सीकर से रेवाड़ी जाने वाली सीकर रेवाड़ी पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का सीकर स्टेशन से रवाना होने का समय 7:30 का है। लेकिन यह ट्रेन भी लगभग 9:45 के बाद रवाना होगी। ट्रेन करीब 1:45 घंटे लेट है
- वहीं कोटा – सिरसा ट्रेन का सीकर स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 6:50 का है। वह करीब 8:41 पर सीकर स्टेशन पहुंची है। यह ट्रेन भी करीब 2 घंटे लेट आई है।
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश
एरिया | बारिश (MM) |
सीकर | 38 |
सीकर ग्रामीण | 38 |
धोद | 42 |
नेछवा | 46 |
लक्ष्मणगढ़ | 36 |
फतेहपुर | 84 |
रामगढ़ शेखावाटी | 126 |
लोसल | 31 |
दांतारामगढ़ | 70 |
पलसाना | 2 |
रींगस | 70 |
खंडेला | 15 |