मटके-बाल्टियां लेकर पंप हाउस पहुंचे लोग, कर्मचारी ने गेट पर ताला लगाया तो टंकी पर चढ़ गईं गुस्साई महिलाएं
मटके-बाल्टियां लेकर पंप हाउस पहुंचे लोग, कर्मचारी ने गेट पर ताला लगाया तो टंकी पर चढ़ गईं गुस्साई महिलाएं

चिड़ावा : शहर की खेतड़ी रोड के वार्ड 11 एवं 13 में पानी की समस्या से परेशान महिलाएं गुरुवार सुबह संबंधित क्षेत्र में बनी जलदाय विभाग की टंकी पर जा चढ़ी। नाराज महिलाओं ने जलदायकर्मियों पर पानी सप्लाई में मनमर्जी करने के आरोप लगाए। मामले की जानकारी मिलने पर जेईएन आदित्य मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोहल्ले के लोगों की मध्यस्थता से आधे घंटे समझाइश कर मामला शांत किया। वहीं पंप हाउस पर ड्यूटी देने वाले जलदायकर्मियों को सप्लाई टाइम बढ़ाने के निर्देश दिए। तब कहीं जाकर टंकी पर चढ़ी महिलाएं नीचे उतरी। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे कबूतरखाना गणेश मंदिर के पीछे और खेतड़ी रोड पावर हाउस के सामने गली-मोहल्लों के घरों में पानी नही आने पर लोग खाली मटके-बाल्टियां लेकर पंप हाउस की ओर आने लगे।
लोगों की भीड़ आते देख वहां मौजूद जलदायकर्मी विजेंद्र गेट बंद करके चला गया। जिस पर लोगों ने नाराजगी जतानी शुरू कर दी। वार्ड की अनिता शर्मा, द्रोपदी सैनी, कंचन स्वामी, यशोदा शर्मा, बुलीदेवी, सीता, संतरा सैनी, सरोज, जगदीश वर्मा, बलबीर सैनी, संदीप शर्मा, आशीष शर्मा, मुकेश खंडेलवाल, प्रदीप शर्मा, रामचंद्र सैनी, पवन सैनी राजेंद्र वर्मा, प्रेम शर्मा, कल्याण शर्मा, प्यारेलाल सैनी, बुद्धराम सैनी, मोनू, विजेन्द्र सैनी, घीसाराम, महेन्द्र शर्मा, प्रकाश सैनी ने ड्यूटी कर्मचारियों पर अन्य इलाकों के लोगों के दबाव में सप्लाई समय कम करने के आरोप लगाए। जिसपर जेईएन ने पानी सप्लाई पर निगरानी रखने का आश्वासन दिया।