17 नर्सरियों में तैयार कराए 16.48 लाख पौधे, 1 जुलाई से वितरण
17 नर्सरियों में तैयार कराए 16.48 लाख पौधे, 1 जुलाई से वितरण

चूरू : वन विभाग की ओर से जिले की 17 नर्सरियों में 16 लाख 48 हजार 824 पौधे तैयार करवाए गए हैं, जिन्हें मानसून सीजन में लगाया जाएगा। ये पौधे पंचायत समितियों, निकायों व व्यक्तिगत लाभार्थियों द्वारा लगाए जाएंगे। चूरू ब्लॉक में 1.56 लाख, राजगढ़ में 3 लाख, रतनगढ़ में 1.53 लाख, तारानगर में 3.96 लाख, सरदारशहर में 2.72 लाख तथा सुजानगढ़ ब्लॉक में 3.69 लाख पौधे तैयार करवाए गए हैं। ये सभी पौधे विभाग की ट्री आउटसाइड फॉरेस्ट इन राजस्थान योजना के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे।
विभाग ने पौधरोपण को लेकर जिले की सभी पंचायत समितियों व नगर निकायों के लक्ष्य निर्धारित किए हैं। जिले के सभी निकायों की तरफ से शहरी क्षेत्रों में 3.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे तथा पंचायत समितियों की ओर से गोचर भूमि व ग्रामीण इलाकों में 3 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वहीं शेष पौधे व्यक्तिगत लाभार्थियों द्वारा लगाए जाएंगे। पौधरोपण कार्य मानसून सीजन के साथ ही शुरू हो जाएगा।
विभाग की ओर से आमजन को कम दर पर पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिले की 17 नर्सरियों में कई प्रकार के छायादार व कांटेदार पौधे तैयार किए हैं। मुख्य रूप खेजड़ी, नीम, आडू, जामुन, इमली, गुलमोहर, सिरस, रोहिडा, झाड़ी, शीशम, कीकर, जाल आदि प्रजाति के पौधे हैं। आम लोगों के लिए इन पौधों का एक जुलाई से वितरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
तीन फीट ऊंचाई तक के पौधे 10 रुपए की दर से उपलब्ध कराए जाएंगे
आमजन को कांटेदार प्रजाति के पौधे 5 रुपए प्रति पौधे की दर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं छायादार व चौड़ी पत्ती वाले पौधे अलग-अगल दर पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसमें 12 महीने के 2 फीट की ऊंचाई के पौधे 6 रुपए व 2 फीट से अधिक और 3 फीट ऊंचाई तक के पौधे 10 रुपए प्रति पौधे की दर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। 24 महीने आयु के 3 से 5 फीट ऊंचाई तक के पौधे 15 रुपए तथा 5 से 8 फीट ऊंचाई के पौधे 25 रुपए प्रति पौधे की दर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसी तरह 24 महीने से अधिक आयु के 8 से 10 फीट तक ऊंचाई के पौधे 50 रुपए तथा 10 फीट से अधिक ऊंचाई के पौधे 75 रुपए प्रति पौधे की दर से उपलब्ध करवाए जाएंगे।