‘अमित शाह को बनाया जाएगा प्रधानमंत्री, योगी को हटाने की कर रहे साजिश’, केजरीवाल का BJP पर वार
केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने एक खतरनाक मिशन शुरू किया है और वो है वन नेशन वन लीडर। भाजपा ने अपने नेताओं का सफाया किया है। मुरली मनोहर जोशी और लालकृष्ण आडवाणी को रिटायर किया गया। इन्होंने रमन सिंह, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, मनोहर लाल की राजनीति को खत्म कर दिया है। अब अगला नंबर योगी आदित्यनाथ का है।

नई दिल्ली : शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। कल केजरीवाल जेल से बाहर आए। जिसके बाद आज सीएम हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। आप कार्यालय में सीएम केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जमकर भाजपा पर निशाना साधा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबको मेरा प्रणाम। 50 दिन बाद सीधा जेल से आपके पास आया हूं, अच्छा लग रहा है। बजरंगबली की कृपा है। आप के शीर्ष नेताओं को जेल भेजा गया। आप कुचलने में पीएम ने कसर नहीं छोड़ी। मेरे को इन्होंने जेल भेज दिया। सबसे चोर लोगों को इन्होंने अपनी पार्टी में शामिल कर लिया।
‘योगी आदित्यनाथ की राजनीति खत्म करेगी भाजपा’
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मानते हैं कि भाजपा को चुनौती आम आदमी पार्टी देगी। पीएम मोदी ने एक खतरनाक मिशन शुरू किया है और वो है वन नेशन वन लीडर। इसके तहत वो सभी देश के नेताओं को ख़त्म करना चाहते हैं, सारे विपक्ष के नेताओं को जेल में डाल देंगे और सभी भाजपा के नेताओं को निपटा देंगे, उनकी राजनीति खत्म कर देंगेI मुझसे लिखवा लो- कुछ दिनों बाद ममता बनर्जी, स्टालिन, उद्धव ठाकरे, तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के सभी नेता जेल में होंगेI यूपी के मुख्मंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीति खत्म करने की साजिश की जा रही है। भाजपा जीत जाएगी तो योगी आदित्यनाथ की राजनीति खत्म करेंगे।
भाजपा ने अपने नेताओं का सफाया किया: केजरीवाल
सीएम केजरीवाल ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार से लड़ाई लड़नी है तो केजरीवाल से सीखो। मैंने अपने नेता को भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई को सौंप दिया था। तानाशाह जनतंत्र खत्म करना चाहता है। देश को तानाशाह से बचाने का वक्त है। भाजपा ने अपने नेताओं का सफाया किया है। मुरली मनोहर जोशी और लालकृष्ण आडवाणी को रिटायर किया गया। इन्होंने रमन सिंह, शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, मनोहर लाल की राजनीति को खत्म कर दिया है। अब अगला नंबर योगी आदित्यनाथ का है। ये चुनाव यह जीत गए तो दो महीने में यूपी का मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा। जो तानाशाही है। देश के सभी नेताओं को पीएम खत्म करना चाहते हैं।