CGEPT पेपर में नकल करवाने वाले गिरोह को पकड़ा:पेपर सॉल्व करने के बदले लेते थे 15 लाख, कंप्यूटर लैब को लिया था किराए पर
CGEPT पेपर में नकल करवाने वाले गिरोह को पकड़ा:पेपर सॉल्व करने के बदले लेते थे 15 लाख, कंप्यूटर लैब को लिया था किराए पर

कोटा : CGEPT परीक्षा का पेपर लीक और सॉल्व करवाने वाले नकल गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से मोबाइल और क्रेटा कार को जब्त किया गया है। आरोपी अभ्यर्थियों से पेपर सॉल्व या लीक करने की एवज में 10 से 15 लाख रुपए में सौदा करते थे।
इसके बाद रिमोट एक्सेस के जरिए पेपर सॉल्व करवाते थे। इसके लिए कंप्यूटर लैब को किराए पर लिया था। कोटा में कितने अभ्यर्थी इनके झांसे में आए, इसकी जांच की जाएगी। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
कोटा के विज्ञाननगर थाना SHO सतीश चंद ने बताया कि कोटा में कितने अभ्यर्थी इनके झांसे में आए, इसकी जांच की जाएगी। ये सभी इंडियन कोस्ट गार्ड के पेपर CGEPT (इंडियन कोस्ट गार्ड) 02/2024 की परीक्षा में पेपर लीक करने के लिए कोटा आए थे।
आईटी पार्क के पास घूमते पकड़ा
SHO ने बताया कि 23 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राज रानी टावर आईटी पार्क के पास कुछ लोग घूम रहे है, जो संदिग्ध लग रहे है। मौके पर जाकर 6 युवकों अशोक जाट (38) निवासी बांगड़वा थाना हमीरवास तहसील राजगढ़ चूरु,संदीप बुडालिया (29) बरालू ,थाना लोहारू, जिला भिवानी हरियाणा, प्रतीक गजराज (24) निवासी पालोता,थाना सिंघाना जिला झुंझुनू, रणवीर सिंह (32) निवासी काटधनोरी, जिला झुंझुनूं, अशोक (29) निवासी गोपाल की ढाणी, थाना पचेरी, जिला झुंझुनूं, राहुल जाखड़ (21) धमोरा थाना गुढ़ागोड़जी, झुंझुनूं को 151 में पकड़ा गया था।
मोबाइल और क्रेटा कार जब्त
युवकों से मोबाइल और एक क्रेटा कार को भी जब्त किया गया है। मोबाइल चेक करने पर इंडियन कोस्ट गार्ड के पेपर CGEPT-02/2024 के एडमिट कार्ड और परीक्षा के प्रश्न-पत्र मिले। इसके बाद पूछताछ के दौरान इनका पेपर लीक में शामिल होना सामने आया था। इस पर 29 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।
कंप्यूटर लैब को किराए पर लिया था
पूछताछ में बताया कि CGEPT का पेपर 20-21 अप्रैल को था। युवक 19 अप्रैल को कोटा आए थे और कंप्यूटर लैब को किराए पर लिया था। इस पर पुलिस साइबर सिक्योरिटी एनासिस्ट के साथ राजीव गांधी कंप्यूटर साक्षरता मिशन राजधानी टावर आईटी पार्क में पहुंची और लैब को खुलवाया। साइबर सिक्योरिटी एनासिस्ट ने कंप्यूटर की जांच की।
रिमोट एक्सेस ऐप से करते पेपर सॉल्व
- साइबर सिक्योरिटी एनालाइसिस्ट ने बताया कि इन कंप्यूटर सिस्टम का उपयोग रिमोट एक्सेस ऐप REALVNC VIEWER व ANYDESK एप से अन्य परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अभ्यर्थियों के कंप्यूटर सिस्टम को हैक किया जाता है। इसके बाद पेपर सॉल्व करने के लिए किया जाता है।
- लैब व सर्वर रूम में लगे कंप्यूटर को बतौर सबूत सील किया गया है। इसके अलावा कॉल लॉग को पेन ड्राइव में लिया गया है। लैब संचालक मौके पर नहीं मिला। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।