दीया कुमारी बोलीं- लोगों के विश्वास से बनी है सरकार:हर जिले में खुलेगा महिला थाना, भाजपा नहीं होने देगी अत्याचार
दीया कुमारी बोलीं- लोगों के विश्वास से बनी है सरकार:हर जिले में खुलेगा महिला थाना, भाजपा नहीं होने देगी अत्याचार

श्रीगंगानगर : डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा है कि भाजपा महिलाओं पर न तो अत्याचार होने देगी और न ही किसी को अत्याचार करने देगी। वे शुक्रवार को जिले के गजसिंहपुर में महिला सम्मेलन में संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार लोगों के विश्वास के कारण बनी है।

नशामुक्ति के लिए भाजपा करेगी काम
दीया कुमारी ने कहा कि हर जिले में महिला थाना बनेगा। जिससे कि महिलाओं को सुरक्षा मिल सके। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा माताओं-बहनों की चिंता की। 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। संसद और विधानसभा में यह बड़ा अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नशे के खिलाफ कुछ नहीं किया है। भाजपा नशामुक्ति के लिए काम करेगी। सभी मिलकर नशे की बीमारी को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे।

फिरोजपुर फीडर की मरम्मत का जल्द करवाएंगे काम
उन्होंने कहा कि इलाके में सिंचाई पानी की समस्या ज्यादा है। फिरोजपुर फीडर की मरम्मत का काम जल्द करवाएंगे। राजस्थान के हक का पानी श्रीगंगानगर तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय सिंचाई मंत्री एक बार पंजाब गए, लेकिन उन्होंने किसानों की समस्या दूर नहीं की। कांग्रेस न तो पानी की समस्या दूर करना चाहती है और न ही सुरक्षा देना चाहती।

‘प्रदेश की हर बेटी को दिया है सम्मान’
उन्होंने कहा कि राजस्थान में उन्हें डिप्टी सीएम बनाकर हर बेटी को सम्मान दिया है । उन्होंने कहा कि वे नहीं बल्कि प्रदेश की हर बेटी डिप्टी सीएम बनी है। प्रदेश सरकार बनाने में प्रदेश के लोगों का योगदान है। इससे पहले लोग सुबह से दीया कुमारी का इंतजार करते दिखे। धानमंडी में हुई सभा में भाजपा महिला मोर्चा की संतोष अहलावत और भाजपा नेता प्रियंका बैलाण ने भी संबोधित किया।

दीया कुमारी ने पदमपुर में किया रोड शो
इससे पहले डिप्टी सीएम दीया कुमारी शुक्रवार सुबह पदमपुर पहुंची। उन्होंने यहां रोड शो किया। रोड शो दोपहर करीब 12 बजे कस्बे की गिल कॉलोनी से रवाना हुआ। इसके बाद कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए रोड शो गुजरा। इस रोड शो के जरिए दीया कुमारी ने श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर 5 जनवरी को होने वाले चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह टीटी के लिए वोट मांगे।

फूलों की बारिश, नारेबाजी से स्वागत
रोड शो का लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। कही पर फूलों की बारिश तो कही पर नारेबाजी कर लोगों ने जोरदार उत्साह दिखाया। इस दौरान फूलों से सजी कार में सवार होकर दीया कुमारी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कस्बे के अलग-अलग इलाकों से लोग सड़कों पर निकल आए। रोड शो के दौरान पुलिस के जवान डिप्टी सीएम दीया कुमारी की कार के आगे लगातार रास्ता बनाते चल रहे थे।

एक दिन पहले पहुंचीं थी दीया कुमारी
इससे पहले गुरुवार देर शाम डिप्टी सीएम दीया कुमारी श्रीगंगानगर पहुंचीं। वे यहां सूरतगढ़ रोड स्थित एक रिसॉर्ट में पहुंचीं, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पहुंचे।

5 जनवरी को होगा मतदान
प्रदेश में 200 में 199 सीटों पर विधानसभा चुनाव हुआ था। श्रीकरणपुर सीट पर नॉमिनेशन के बाद कांग्रेस कैंडिडेट गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के बाद यहां चुनाव स्थगित कर दिया गया था। अब कांग्रेस ने यहां से गुरमीत सिंह कुन्नर के पुत्र रुपिंद्र सिंह कुन्नर काे कैंडिडेट बनाया है। यहां उनका मुकाबला भाजपा के सुरेंद्रपाल सिंह टीटी से है। श्रीकरणपुर सीट पर 5 जनवरी को मतदान होगा।