विधानसभा चुनाव में नजर आएंगी महिला पीआरओ:उदयपुरवाटी में 163 महिला कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण, 8 बूथों पर रहेगी तैनाती
विधानसभा चुनाव में नजर आएंगी महिला पीआरओ:उदयपुरवाटी में 163 महिला कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण, 8 बूथों पर रहेगी तैनाती

उदयपुरवाटी : विधान सभा चुनाव 2023 में इस बार चुनाव पार्टी में शामिल कुछ महिला पीआरओ भी नजर आएंगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हर विधान सभा क्षेत्र के कम से कम आठ बूथों पर सभी महिलाएं चुनाव पार्टी में शामिल रहेंगी।
जानकारी के अनुसार विधान सभा चुनाव 2023 के लिए मतदान अधिकारियों को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां चार दिन में 1083 पुरुष कार्मिकों के साथ 163 महिला कार्मिकों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर मल चौधरी के मुताबिक इस बार निर्वाचन आयोग के निर्देश हैं कि हर विधान सभा क्षेत्र में कम से कम 8 बूथों पर महिला कार्मिकों की टीम से निर्वाचन कार्य करवाया जाए।

चौधरी के मुताबिक जिले में व्याख्याता और प्रिंसीपल के पद पर बड़ी संख्या में महिला कार्मिक पदस्थापित हैं। ऐसे में कई पार्टियां ऐसी रहेंगी जिनमें पुरुष के स्थान पर महिला पीआरओ या प्रथम मतदान अधिकारी लगाए जाएं।
महिलाओं में चुनाव के प्रति खासा उत्साह
महिलाओं को चुनाव पार्टी में शामिल कराने पर प्रशिक्षण के दौरान खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिला कार्मिक चुनाव ड्यूटी में उत्साहित महसूस कर रही हैं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उदयपुरवाटी की प्रियंका मीणा, रघुनाथपुरा की सरोज चौधरी, मायावाली ढाणी टीटनवाड़ की अंजना आदि ने बताया कि वे चुनाव को लेकर खूब उत्साहित हैं। उनको लग रहा है कि चुनाव के दौरान उनको काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
चुनाव प्रशिक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का अवलोकन करने आए जिला परिषद झुंझुनूं के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर मल चौधरी ने कहा कि सिलेक्शन और इलेक्शन दोनो बहुत महत्वपूर्ण कार्य हैं। जिनको पूरी जिम्मेदारी के साथ पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण लेने आई महिलाओं से उनकी समस्याएं व रूचि के बारे में जानकारी ली।