प्रियंका गांधी आज राजस्थान के दौरे पर:सभा से पहले ट्वीट कर लिखा- केंद्र सरकार प्रदेश की परेशानी को नजरअंदाज करती रही

दौसा : राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के कैंपेन को धार देने के लिए आज प्रियंका गांधी राजस्थान दौरे पर हैं। प्रियंका गांधी दौसा जिले की सिकराय में सभा को संबोधित करेंगी। दरअसल, कांग्रेस 13 जिलों में ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट(ERCP) को लेकर यात्रा निकाल रही है। इसी यात्रा के तहत कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को आ रही हैं। दौसा जिला भी ईआरसीपी प्रोजेक्ट के दायरे में आता है।
प्रियंका गांधी इससे पहले 10 सितंबर को टोंक के निवाई में आईं थी। दौसा में हो रही इस सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और अमृता धवन समेत कई नेता पहुंचेंगे।

सभा से पहले ट्वीट कर केंद्र पर साधा निशाना
दौसा के कांदोली गांव में सभा से पहले ERCP के मुद्दे को लेकल प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा- ‘राजस्थान के पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री जी ने ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को राष्ट्रीय प्रोजेक्ट घोषित करने का वादा किया था।
इसके उसके बाद से राज्य सरकार बार-बार प्रस्ताव भेजती रही, अशोक गहलोत ने उन्हें दर्जन भर पत्र लिखे, लेकिन केंद्र सरकार राजस्थानवासियों की परेशानी को नजरअंदाज करती रही। इस वादाखिलाफी को लेकर राजस्थान की जनता में आक्रोश है। आज दौसा जिले के सिकराय से प्रदेश की जनता को संबोधित कर उनका स्नेह और आशीर्वाद मागूंगी।
2 घंटे रुकेंगी, इसके बाद सवाई माधोपुर के लिए निकलेंगी
प्रियंका गांधी दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी। जहां से हेलिकॉप्टर से दोपहर एक से डेढ़ बजे के बीच सभा स्थल के पास बने हेलीपैड पहुंचेंगी। सभा को संबोधित करने के बाद वे हेलिकॉप्टर से सवाई माधोपुर के लिए रवाना होंगी।

जहां सबसे ज्यादा विरोध, वहीं सभा
दौसा जिले के कई क्षेत्रों में पिछले दिनों में मंत्री-विधायकों का लगातार विरोध देखने को मिला। दौसा विधानसभा क्षेत्र में शिलान्यास पट्टीका तोड़ने का मामला आया तो वहीं सिकराय विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक व राज्य सरकार में मंत्री ममता भूपेश को युवाओं ने कई जगह काले झंडे दिखाए थे।
ऐसे में क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे विरोध को थामने के लिए सिकराय विधानसभा क्षेत्र के ही कांदोली गांव में प्रियंका गांधी की सभा करवाई जा रही है। जिस जगह प्रियंका गांधी की सभा हो रही है, उसी जगह पर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी रुके थे।

पायलट के जरिए गुर्जर वोटों को साधने की रणनीति
2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूर्वी राजस्थान से बढ़त लेकर सरकार बनाई थी। इसमें तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट की बड़ी भूमिका रही थी। ऐसे में सचिन पायलट के जरिए विरोध को थामने व गुर्जर वोटों को साधने के लिए सभा की रणनीति बनी है।