झुंझुनूं-उदयपुरवाटी : राजेंद्र गुढा शिवसेना में शामिल, एकनाथ शिंदे ने की घोषणा:बोले- ये राजस्थान और महाराष्ट्र की वीरता के मिलन की सुखद घोषणा है
राजेंद्र गुढा शिवसेना में शामिल, एकनाथ शिंदे ने की घोषणा:बोले- ये राजस्थान और महाराष्ट्र की वीरता के मिलन की सुखद घोषणा है

झुंझुनूं-उदयपुरवाटी : मंत्री पद से बर्खास्त राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कांग्रेस छोड़कर शिवसेना को ज्वॉइन कर लिया है। महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे शनिवार को गुढ़ा के पैतृक गांव उदयपुरवाटी में उनके बेटे के जन्मदिन समारोह पहुंचे थे।उन्होंने विधायक गुढ़ा को माला व दुपट्टा पहनाकर शिवसेना में शामिल किया। शिंदे ने कहा ने कहा कि राजेंद्र गुढ़ा जनता के सेवक हैं, आपकी आवाज बुलंद है इसलिए राजस्थान के मुख्यमंत्री भी आप से डर गए।
उन्होंने कहा कि पिछले साल राजस्थान के सीएम यहां आए थे और कहा था कि राजेंद्र गुढ़ा की वजह से मैं सीएम हूं। उन्होंने अब आपको मंत्री पद से ही बर्खास्त कर दिया। इसका जवाब जनता देगी। गुढ़ा ने क्या गलती की, सच्चाई का साथ देना गुनाह है क्या। आपने राजस्थान में कानून व्यवस्था बनाए रखने की ही तो बात की थी। गुढ़ा ने मंत्री पद छोड़ा सच्चाई नहीं छोड़ी।

मंच से शिंदे ने गुढ़ा को कहा कि आपकी तरह ही मैंने भी मंत्री पद छोड़ा था। मैंने बाला साहेब के आदर्शों के लिए मंत्री पद छोड़ा था। राजेंद्र गुढ़ा ने सच्चाई के लिए मंत्री पद छोड़ा। राजस्थान में कानून व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए। राजस्थान का विकास होना चाहिए। महाराष्ट्र की साढ़े बारह करोड़ लोगों के इलाज का प्रबंध हमारी सरकार ने किया है। मोदी द्वारा किसान को 6 हजार रुपए सालाना दिए जाते हैं उनमें 6 हजार रुपए और मिलाकर हम 12 हजार रुपए किसान को दे रहे हैं। किसान के फसल बीमा की राशि को हमने पूरी तरह मुफ्त कर दिया। कई कल्याणकारी निर्णय हमारी सरकार ने किए हैं। राजस्थान में युवाओं को रोजगार, व्यापार बढ़े, इसके लिए जो आवश्यकता है उसमें पूरी मदद करेंगे। हमारी संस्कृति और परंपरा एक जैसी है, आपने हमारी शिवसेना में शामिल होने का जो एतिहासिक निर्णय लिया है इसके लिए आप और आपके सभी साथियों को धन्यवाद देता हूं।

राजेंद्रसिंह गुढ़ा ने कहा कि शेखावाटी की धरती ने सबसे ज्यादा शहीद देश को दिए हैं। सन 1962, 1965 व 1971 की लड़ाई में यहां गांव-गांव में शहीद हुए हैं। शेखावाटी की धरा वीरों से भरी पड़ी है। महाराष्ट्र में जिस प्रकार आप दिन दुनी रात चोगुनी प्रगति आप कर रहे हैं उसी प्रकार राजस्थान को भी आप अपने नेतृत्व में महाराष्ट्र जैसा प्रदेश बनाएं। यहां भी उद्योग और कल कारखाने आएं, हम आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने काटा शिवम के बर्ड डे पर केक
गुड़ा स्थित लिबट्री फार्म हाऊस परमहाराष्ट्र के सीम एकनाथ शिंदे ने विधायक गुढ़ा के बेटे शिवम के जन्मदिन पर केक काटा। पिछले जन्मदिन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्य अतिथि थे। क्षेत्र के लिए यह खास बात है कि यहां लगातार दो साल तक जन्मदिन जैसे कार्यक्रम में सीएम मुख्य अतिथि रहे हैं।
उदयपुरवाटी क्षेत्र के लिए 5 एंबूलेंस भेंट
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने उदयपुरवाटी क्षेत्र की जनता के लिए पांच एंबूलेंस भेंट की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार आमजन के स्वास्थ्य के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। अमिताभ बच्चन को जब एंबूलेंस की जरूरत पड़ी तो शिवसेना की एंबूलेंस ही काम आई थी।