सीकर : शादी के 9 महीने बाद विवाहिता ने सुसाइड किया:पति का दूसरी युवती से अवैध संबंध का आरोप, दहेज के लिए परेशान किया
शादी के 9 महीने बाद विवाहिता ने सुसाइड किया:पति का दूसरी युवती से अवैध संबंध का आरोप, दहेज के लिए परेशान किया

सीकर : शादी के 9 महीने बाद ही विवाहिता ने सुसाइड कर लिया। अब पीहरवालों ने विवाहिता के पति और ससुरालवालों पर दहेज के लिए परेशान करने और मारने का आरोप लगाया है। साथ ही विवाहिता के पति का दूसरी युवती से अवैध संबंध होना बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
झुंझुनूं निवासी मेनका कंवर ने बलारां थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी दीपा की शादी विजय सिंह से 8 दिसंबर 2022 को झुंझुनू में हुई। शादी के बाद विजय और उसके माता-पिता दीपा से मारपीट करते थे। शादी के बाद वह दीपा को अपने साथ त्रिपुर ले गए। जहां दीपा के पति विजय और ससुर चतर सिंह ने दहेज के लिए उसके साथ मारपीट की। जब यह बात दीपा ने अपने घर वालों को बताई तो दीपा की मां मेनका ने उसकी सास कौशल्या से समझाइश भी की। इस पर दीपा की सास कौशल्या ने दीपा की मां को भी ताने सुनाए।
दीपा के पीहरवालों ने जब कई बार कहा तो गणगौर के त्यौहार पर उसके ससुरालवालों ने दीपा को पीहर भेजा। जहां दीपा ने अपने पीहर वालों को बताया कि उसके पति का ट्विंकल नाम की किसी लड़की से अवैध संबंध है। दीपा ने घरवालों को बताया कि जब उसने यह बात अपने सास और ससुर को बताई तो उसके ससुर ने कहा कि यह तो ऐसे ही करेगा। दीपा के ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते और खाना भी नहीं देते। साथ ही उसका मोबाइल भी छीन लेते। हाल ही में सावन महीने के दौरान दीपा अपने पीहर में थी। लेकिन 29 अगस्त को उसके पति विजय ने फोन करके ससुराल आने को कहा।
ऐसे में दीपा के साथ उसकी छोटी बहन भी चली गई। जहां पर दीपा ने अपनी छोटी बहन दीक्षा को ट्विंकल और उसकी चैटिंग का स्क्रीनशॉट दिखाया। चैटिंग में ट्विंकल ने कहा था कि विजय उसी का है। उनका अफेयर भी शादी से पहले से चल रहा है। इस बारे में किसी को बताने पर विजय ने दीपा को मारने की या खुद मरने की धमकी भी दी थी। हाल ही में 6 और 7 सितंबर को दीपा ने अपने घरवालों को फोन करके कहा कि यह लोग मुझे मार देंगे। जब दीपा की मां मेनका ने इस बारे में दीपा के पति विजय को बताया तो उन्होंने कहा कि दीपा बीमार है। और उसे भेजने के लिए मना कर दिया। दीपा की मां का आरोप है कि दीपा के पति विजय और सास-ससुर ने दीपा को दहेज के लिए प्रताड़ित करके और मारपीट करके जान से मार दिया। फिलहाल बलारां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वही मामले में इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर RPS धर्माराम गिला का कहना है कि मृतका ने सुसाइड कर लिया था। फिलहाल जो परिजनों की रिपोर्ट है उस पर जांच जारी है।