झुंझुनूं : कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा:जगह-जगह स्वागत, भाईचारे का संदेश दिया, अमन-चैन की दुआ मांगी
कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा:जगह-जगह स्वागत, भाईचारे का संदेश दिया, अमन-चैन की दुआ मांगी
झुंझुनूं : भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर झुंझुनूं में कांग्रेस ने पदयात्रा निकाली। यात्रा चंचलनाथ टीले से शुरू हुई। शहीद इन्द्रसिंह सैनी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शहर के पंचदेव मंदिर, प्राइवेट बस स्टैंड, गांधी चौक, नेहरू बाजार, सब्जी मंडी, शहीदान चौक होते हुए सांप्रदायिक सौहार्द व गंगा-जमुनी तहजीब के रूप में पहचाने जाने वाली कमरुद्दीन शाह दरगाह पर जाकर संपन्न हुई।
इस दौरान कांग्रेसियों ने देश में अमन, चैन, शांति और भाईचारा की दुआ मांगी। पदयात्रा में कांग्रेसियों ने भाईचारे का संदेश दिया। यात्रा का शहर में जगह जगह स्वागत किया। जिलाध्यक्ष दिनेश सुण्डा ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले वर्ष 7 सितंबर 2023 को ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी।
4081 किलोमीटर की यह यात्रा 136 दिन में 76 लोकसभा क्षेत्रों, 75 जिलों, 2 केंद्र शासित प्रदेशों और 12 राज्यों से होती हुई पूरी की गई। इस ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ भाईचारा संदेश देते हुए यात्रा निकाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग को साथ लेकर चलनी वाली पार्टी है। कांग्रेस ने हमेशा ही देश में भाईचारा कायम रखा है।
इस दौरान पूर्व सभापति खालिद हुसैन, गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक मुरारी सैनी, मोहरसिंह सोलाना, पितराम काला, रामकरण सैनी, तेजस्वनी शर्मा, भगवानाराम सैनी, एएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़, हज कमेटी के प्रदेश सदस्य रियाज फारूकी, शहबाज फारूकी, मीनू सैनी उदयपुरवाटी, पवन पुजारी, पूर्व पार्षद खुर्शीद चोपदार, बाबू भाई उर्फ अली हसन समेत कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।