झुंझुनूं में प्रधान चुनाव के नतीजे 12-2, कांग्रेस ने 12 पंचायत समितियों में दर्ज की जीत
खेतड़ी और बबाई में भाजपा के बने प्रधान, सिंघाना में पूनम देवी और उदयपुरवाटी में फूलचंद सैनी निर्विरोध निर्वाचित; सूरजगढ़ में विधायक श्रवण कुमार की बेटी सविता बनीं प्रधान
झुंझुनूं : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को हुए पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने जिले की 14 में से 12 पंचायत समितियों में जीत दर्ज की। भाजपा को केवल खेतड़ी और बबाई पंचायत समितियों में सफलता मिली। कांग्रेस ने अलसीसर, बुहाना, चिड़ावा, गोठड़ा, गुढ़ागौड़जी, झुंझुनूं, मंडावा, नवलगढ़, पिलानी, सिंघाना, सूरजगढ़ और उदयपुरवाटी में प्रधान पद हासिल किया। सिंघाना और उदयपुरवाटी में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि शेष 12 पंचायत समितियों में मतदान के जरिए प्रधान चुने गए।
खेतड़ी में मतदान से दूर रहे कांग्रेस सदस्य, केदारमल खिंची 12 मतों से जीते
खेतड़ी पंचायत समिति में भाजपा के केदारमल खिंची ने निर्दलीय प्रत्याशी मंजू देवी को 12 मतों के अंतर से हराकर प्रधान पद हासिल किया। खिंची को 14 और मंजू देवी को दो मत मिले। कुल 21 सदस्यों वाली पंचायत समिति में भाजपा के नौ, कांग्रेस के पांच और सात निर्दलीय सदस्य हैं। कांग्रेस के पांचों सदस्य मतदान में शामिल नहीं हुए। इसके चलते कुल 16 मत पड़े।
बबाई में गुड्डी कंवर बनीं प्रधान
बबाई पंचायत समिति में भाजपा की गुड्डी कंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी को सात मतों के अंतर से हराया। गुड्डी कंवर को 12 और कांग्रेस प्रत्याशी को पांच मत मिले। कुल 17 सदस्यों वाली पंचायत समिति में सभी सदस्यों ने मतदान किया। परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई।
सिंघाना और उदयपुरवाटी में निर्विरोध निर्वाचन
सिंघाना पंचायत समिति में कांग्रेस की पूनम देवी पत्नी अभिषेक निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित प्रधान पद पर उनका एकमात्र नामांकन प्राप्त हुआ। पूनम देवी वार्ड संख्या एक से पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई थीं। निर्वाचन अधिकारी बाबूलाल बिजारणियां ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा।
वहीं उदयपुरवाटी पंचायत समिति में कांग्रेस के फूलचंद सैनी निर्विरोध प्रधान चुने गए। यहां कुल 17 सदस्यों में कांग्रेस के 12, भाजपा के दो और अन्य तीन सदस्य हैं। निर्धारित समय तक केवल फूलचंद सैनी का नामांकन प्राप्त हुआ, जिसे जांच में सही पाए जाने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
सूरजगढ़ में विधायक श्रवण कुमार की बेटी सविता बनीं प्रधान
सूरजगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस की सविता ने भाजपा प्रत्याशी सुमित को आठ मतों के अंतर से हराकर प्रधान पद हासिल किया। सविता को 11 और सुमित को तीन मत मिले, जबकि एक मत निरस्त हुआ। सविता सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार की बेटी हैं।
बुहाना में कांटे का मुकाबला, एक मत से जीते हरिकृष्ण यादव
बुहाना पंचायत समिति में कांग्रेस के हरिकृष्ण यादव और भाजपा की सुमन के बीच कड़ा मुकाबला रहा। हरिकृष्ण यादव ने नौ मत प्राप्त कर एक मत से जीत दर्ज की, जबकि सुमन को आठ मत मिले। कुल 17 सदस्यों वाली पंचायत समिति में कांग्रेस के आठ, भाजपा के पांच और अन्य चार सदस्य हैं।
गुढ़ागौड़जी में मंजू गिल और चिड़ावा में कमला जानू जीतीं
गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति में कांग्रेस की मंजू गिल ने 16 मत प्राप्त कर भाजपा की विमला देवी को नौ मतों के अंतर से हराया। चिड़ावा में कांग्रेस की कमला जानू ने 11 मत प्राप्त कर भाजपा की मंजू देवी को चार मतों से पराजित किया। यहां एक मत निरस्त हुआ।
अलसीसर, पिलानी और नवलगढ़ में कांग्रेस की जीत
अलसीसर पंचायत समिति में कांग्रेस की अनिता ने 13 मत प्राप्त कर भाजपा के राजेंद्र सिंह को सात मतों से हराया। पिलानी में कांग्रेस की शांति देवी नेहरा ने 10 मत प्राप्त कर भाजपा की अनीता धांगड़ को तीन मतों के अंतर से पराजित किया। नवलगढ़ में कांग्रेस की सुमिता देवी ने 10 मत प्राप्त कर प्रधान पद हासिल किया, जबकि भाजपा प्रत्याशी को सात मत मिले।
झुंझुनूं, मंडावा और गोठड़ा में भी कांग्रेस के बने प्रधान
झुंझुनूं पंचायत समिति में कांग्रेस के रामनिवास ने 12 मत प्राप्त कर भाजपा की मंजू को हराया। मंडावा में कांग्रेस के किरोड़ीमल पायल ने 10 मत प्राप्त कर प्रधान पद हासिल किया। वहीं गोठड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस की संतोष देवी 14 मत प्राप्त कर प्रधान निर्वाचित हुईं।
जिले की 14 पंचायत समितियों के नवनिर्वाचित प्रधान
| पंचायत समिति | निर्वाचित प्रधान | दल | प्राप्त मत |
|---|---|---|---|
| अलसीसर | अनिता | कांग्रेस | 13 |
| बुहाना | हरिकृष्ण यादव | कांग्रेस | 9 |
| चिड़ावा | कमला जानू | कांग्रेस | 11 |
| गोठड़ा | संतोष देवी | कांग्रेस | 14 |
| गुढ़ागौड़जी | मंजू गिल | कांग्रेस | 16 |
| झुंझुनूं | रामनिवास | कांग्रेस | 12 |
| मंडावा | किरोड़ीमल पायल | कांग्रेस | 10 |
| नवलगढ़ | सुमिता देवी | कांग्रेस | 10 |
| पिलानी | शांति देवी नेहरा | कांग्रेस | 10 |
| सिंघाना | पूनम देवी | कांग्रेस | निर्विरोध |
| सूरजगढ़ | सविता | कांग्रेस | 11 |
| उदयपुरवाटी | फूलचंद सैनी | कांग्रेस | निर्विरोध |
| खेतड़ी | केदारमल खिंची | भाजपा | 14 |
| बबाई | गुड्डी कंवर | भाजपा | 12 |
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2576804

