बुहाना में बंदरों का आतंक, रसोई से बाजार तक उत्पात; घरों में भी सुरक्षित नहीं लोग
राहगीरों से छीन रहे सामान, फल-सब्जी विक्रेताओं को रोजाना नुकसान; बच्चों और बुजुर्गों पर हमलों से दहशत, शिकायतों के बावजूद राहत का इंतजार
बुहाना : उपखंड मुख्यालय पर बंदरों के बढ़ते आतंक ने आमजन की दिनचर्या बिगाड़ दी है। कस्बे की गलियों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में बंदरों के झुंड दिनभर उत्पात मचा रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सर्दी के मौसम में छतों पर बैठकर धूप सेंकने से भी बच्चे और बुजुर्ग कतरा रहे हैं।
बंदरों की टोलियां घरों की रसोई और फ्रिज तक पहुंचकर खाद्य सामग्री उठा ले जाती हैं। बाजार में फल-सब्जी विक्रेताओं को रोजाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। राह चलते लोगों के हाथों से सामान की थैलियां छीनने की घटनाएं भी परेशानी का कारण बनी हुई हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों पर बंदरों के हमलों की घटनाओं से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
बंदरों के हमलों से अस्पताल पहुंच रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार कस्बे में बंदरों के काटने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सबसे अधिक खतरा स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और छतों पर काम करने वाले बुजुर्गों को बना हुआ है। बंदर घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ वाहनों के शीशे और वाइपर भी तोड़ रहे हैं। इससे लोगों को शारीरिक परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
बंदरों से बचने के लिए घरों में लगवानी पड़ीं लोहे की जालियां
बंदरों की घुसपैठ से परेशान कई परिवारों ने अपने घरों की खिड़कियों और बालकनियों पर लोहे की जालियां लगवा ली हैं। लोगों का कहना है कि बंदरों से बचाव के लिए उन्हें अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ रही है। पूर्व में नगरपालिका की ओर से बंदरों को पकड़ने का अभियान चलाया गया था, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिली थी, लेकिन अब समस्या फिर गंभीर हो गई है।
बार-बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
कस्बेवासियों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से वन विभाग के सहयोग से बंदरों के सुरक्षित एवं मानवीय प्रबंधन के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। कस्बेवासियों का सवाल है कि आखिर प्रशासन कब तक इस समस्या की अनदेखी करता रहेगा और आमजन को बंदरों के आतंक से कब राहत मिलेगी?
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2571651


