चूरू जिला प्रमुख की कुर्सी पर सियासी घमासान, राहुल कस्वां और राजेंद्र राठौड़ की प्रतिष्ठा दांव पर
39 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 21 और भाजपा के 17 सदस्य, बहुमत के बावजूद कांग्रेस ने की बाड़ाबंदी; दोनों दलों ने निर्वाचित सदस्यों को जिले से बाहर भेजा
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : पंचायतीराज चुनाव के नतीजे आने के बाद चूरू में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 39 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा के खाते में 17 सीटें आई हैं। बहुमत का आंकड़ा 20 होने के बावजूद कांग्रेस अपने निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रखने में जुटी है। दूसरी ओर भाजपा भी जिला प्रमुख का चुनाव पूरी ताकत से लड़ने की तैयारी कर रही है। दोनों दलों ने अपने-अपने सदस्यों की बाड़ाबंदी कर दी है। कांग्रेस खेमे की कमान सांसद राहुल कस्वां संभाल रहे हैं, जबकि भाजपा की रणनीति में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ की अहम भूमिका मानी जा रही है।
जिला प्रमुख के चुनाव से पहले दोनों दलों के निर्वाचित सदस्यों को चूरू से बाहर ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस अपने सदस्यों को प्रदेश से बाहर लेकर गई है, जबकि भाजपा के सदस्य बाड़मेर की ओर रवाना हुए हैं। हालांकि सदस्यों के ठहरने के स्थानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस के पास बहुमत, लेकिन जिला प्रमुख का चेहरा तय करना चुनौती
कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर जिला परिषद में बहुमत हासिल किया है। इसके बावजूद पार्टी के सामने जिला प्रमुख पद के लिए सर्वसम्मति से उम्मीदवार तय करने की चुनौती है। चुनाव से पहले कांग्रेस की प्रमुख दावेदार मानी जा रहीं कनक बुडानिया की हार से पार्टी के भीतर नए नामों पर चर्चा शुरू हो गई है।
तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी की हार के बाद जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस की रणनीति में सांसद राहुल कस्वां की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पार्टी के निर्वाचित सदस्यों के बीच सहमति बनाने के लिए बाड़ाबंदी के दौरान मंथन किया जा रहा है।
भाजपा को बहुमत के लिए तीन अतिरिक्त सदस्यों का समर्थन जरूरी
जिला परिषद में भाजपा के 17 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में जिला प्रमुख पद हासिल करने के लिए पार्टी को कम से कम तीन अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी। भाजपा की ओर से संभावित राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की जा रही है।
इस चुनाव में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ के बेटे और बहू ने भी जीत दर्ज की है। ऐसे में जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर राठौड़ की राजनीतिक भूमिका पर भी निगाहें टिकी हैं। कांग्रेस में उम्मीदवार चयन के बाद संभावित असंतोष और मतदान के दौरान दलगत एकजुटता को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि किसी सदस्य के पाला बदलने या दूसरे दल को समर्थन देने की पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस का जिला प्रमुख बनना तय, सभी सदस्य एकजुट : राहुल कस्वां
कांग्रेस सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश दिया है। पार्टी के सभी निर्वाचित सदस्य एकजुट हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रमुख कांग्रेस का ही बनेगा। कस्वां ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जिस नाम पर सहमति जताएगा, सभी निर्वाचित सदस्य उसका समर्थन करेंगे।
पूरी ताकत से लड़ेंगे जिला प्रमुख का चुनाव : बसंत शर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि पार्टी जिला प्रमुख का चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। सभी विजयी सदस्यों का चिंतन शिविर चल रहा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में चुनावी रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। इसी आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।
अब जिला प्रमुख के चुनाव पर टिकी निगाहें
चूरू जिला परिषद के चुनाव परिणामों ने जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि भाजपा अतिरिक्त समर्थन जुटाने की संभावनाओं पर विचार कर रही है। अब दोनों दलों के उम्मीदवारों की घोषणा और मतदान के दौरान निर्वाचित सदस्यों की एकजुटता पर सबकी नजर रहेगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2561263

