सड़क हादसों में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि, डाक बंगले से पुलिस लाइन तक निकाला कैंडल मार्च
हेलमेट-सीट बेल्ट के उपयोग और यातायात नियमों की पालना का दिया संदेश, विद्यार्थियों सहित अधिकारियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ
सीकर : राज्य सड़क सुरक्षा दिवस एवं विश्व स्मरण दिवस-2026 के अवसर पर रविवार को सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डाक बंगले से पुलिस लाइन तक कैंडल मार्च निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लेकर पहुंचे पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने सड़क हादसों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आमजन को यातायात नियमों की पालना का संदेश दिया।
कैंडल मार्च के बाद पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
एक हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन लेता है :
कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार का बेटा, भाई या पिता सड़क हादसे में अपनी जान गंवाता है तो पूरा परिवार बिखर जाता है। अपनों को खोने का दर्द परिजनों को जीवनभर सहना पड़ता है। सड़क दुर्घटना केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेती, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन लेती है।
उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएं। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।
विद्यार्थियों को बताए यातायात नियम
जिला यातायात प्रभारी पूनम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों की पालना करने के साथ अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज भाटीवाड़, जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश महर्षि, कंट्रोल रूम प्रभारी गजराज, सीडीईओ किरण सैनी, कोतवाली थानाधिकारी सुनील जांगिड़ और परिवहन निरीक्षक राजीव सहित पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2538493

