खेतड़ी में सबसे ज्यादा 69.67% मतदान:बबाई में सबसे कम 66.82%, कहीं 100 साल की उम्र में वोट, कहीं व्हीलचेयर पर पहुंचे बुजुर्ग
खेतड़ी में सबसे ज्यादा 69.67% मतदान:बबाई में सबसे कम 66.82%, कहीं 100 साल की उम्र में वोट, कहीं व्हीलचेयर पर पहुंचे बुजुर्ग
खेतड़ी : पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में शनिवार को जिले की चार पंचायत समितियों खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
शाम 6 बजे तक आए अंतिम मतदान प्रतिशत के अनुसार खेतड़ी पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 69.67 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं बबाई में सबसे कम 66.82 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मंडावा में 69.42 प्रतिशत और अलसीसर में 68.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
चारों पंचायत समितियों में मतदान के दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह नजर आया। अलसीसर के गांगियासर में 100 वर्षीय महिला मतदाता ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं धनूरी में परिजन बुजुर्ग मतदाताओं को व्हीलचेयर पर लेकर मतदान केंद्र पहुंचे। अलसीसर के जेके राउमा स्कूल में बनाए गए आदर्श बूथ पर आकर्षक सजावट और ग्रीन कार्पेट ने मतदाताओं का ध्यान खींचा।
मतदान के दौरान जिला परिषद वार्ड संख्या 5 से कांग्रेस के बागी प्रत्याशी एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़ का वीडियो भी सामने आया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर जाने से रोकने और मारपीट की कोशिश किए जाने के आरोप लगाए। वीडियो में वह भावुक नजर आए।
खेतड़ी में सबसे ज्यादा मतदाता, बबाई में सबसे कम
चारों पंचायत समितियों में मतदाताओं की संख्या के लिहाज से खेतड़ी सबसे आगे है। यहां 1 लाख 12 हजार 275 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं अलसीसर में 1 लाख 9 हजार 304, मंडावा में 95 हजार 796 और बबाई में 94 हजार 750 मतदाता हैं। इस तरह खेतड़ी और अलसीसर में एक लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे।
39 सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे व्यवस्था
अंतिम चरण में चारों पंचायत समितियों की कुल 115 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इनमें अलसीसर में सर्वाधिक 32 ग्राम पंचायतें हैं। खेतड़ी में 30, मंडावा में 27 और बबाई में 26 ग्राम पंचायतें हैं। मतदान व्यवस्था की निगरानी के लिए 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 16 एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2536485


