माधोगढ़ के हवलदार राजेश कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
बबाई से माधोगढ़ तक निकली तिरंगा यात्रा, सेना की टुकड़ी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर; पुत्र आदित्य ने दी मुखाग्नि
खेतड़ी : खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के माधोगढ़ गांव के हवलदार राजेश कुमार (41) का मंगलवार को पूर्ण राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 20 ग्रेनेडियर में तैनात राजेश कुमार वर्तमान में बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रहे थे। प्रशिक्षण के दौरान सोमवार सुबह अचानक सीने में दर्द के बाद हृदयाघात से उनका निधन हो गया।

बबाई से माधोगढ़ तक निकली तिरंगा यात्रा
मंगलवार शाम पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजेश कुमार के सम्मान में राजकीय कन्या महाविद्यालय बबाई से माधोगढ़ तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों युवा दुपहिया वाहनों पर हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ माधोगढ़ पहुंचे। तिरंगा यात्रा के दौरान युवाओं ने देशभक्ति के नारों के साथ शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सेना की टुकड़ी ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
माधोगढ़ पहुंचने पर 13 ग्रेनेडियर गंगा, जैसलमेर की ओर से जयपुर से नायक सूबेदार करतार सिंह के नेतृत्व में पहुंची सेना की टुकड़ी ने हवलदार राजेश कुमार की पार्थिव देह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। परिवार में पत्नी नवीना देवी और बेटियों नरेश, प्रेरणा व रवीना का रो-रोकर बुरा हाल था। पार्थिव देह गांव पहुंचने की सूचना पर माधोगढ़ सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

पुत्र आदित्य ने दी मुखाग्नि
सैन्य सम्मान के बीच हवलदार राजेश कुमार के पुत्र आदित्य ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस दौरान मौजूद परिजनों, ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने गांव के सैनिक को अंतिम विदाई दी।
जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम विदाई के दौरान तहसीलदार सुभाष चंद्र, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम धर्मपाल गुर्जर, पूर्व ऊर्जा एवं जलदाय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, पूर्व विधायक हजारीलाल गुर्जर, पूर्व प्रधान मनीषा गुर्जर व मदनलाल गुर्जर, मातादीन फागणा, प्रशासक यश गुर्जर, कुलदीप गुर्जर, फतेह सिंह शेखावत, नरेंद्र सिंह झाझड़िया, संजय थालोर सहित कई जनप्रतिनिधि व पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
कैप्टन केसर देव, कैप्टन नाथूराम, कैप्टन रतिराम, कैप्टन रामेश्वर लाल, कैप्टन महेश बिजारणियां, सुरेंद्र फौजी, सूबेदार जगदीश सिंह, सूबेदार पूरण सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश जांगीड़ सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भी जवान को अंतिम नमन किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2434232


