झारिया गोगाजी धाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब: 54 निशानों ने लगाई धोक, 98 वर्षों से लगातार भर रहा मेला; भक्तों ने खीर-चूरमे का लगाया भोग
झारिया गोगाजी धाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब: 54 निशानों ने लगाई धोक, 98 वर्षों से लगातार भर रहा मेला; भक्तों ने खीर-चूरमे का लगाया भोग
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिला मुख्यालय के निकटवर्ती झारिया गांव स्थित गोगाजी धाम पर दो दिवसीय वार्षिक मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। चाणन पक्ष की अष्टमी और नवमी को आयोजित मेले में 54 निशानों के साथ हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे और गोगाजी महाराज के दर्शन कर धोक लगाई। इस दौरान धाम को गुलाब, मोगरा और रंग-बिरंगे फूलों के साथ आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
धाम के भगत ओमप्रकाश स्वामी ने बताया कि झारिया में पिछले 98 वर्षों से लगातार गोगाजी महाराज का मेला भरता आ रहा है। मेले के दौरान सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्त अपने घरों से खीर, चूरमा, नारियल, दूध, गुलगुले, चिल्ले और मिठाइयां लेकर पहुंचे तथा गोगाजी महाराज को भोग लगाकर परिवार और देश की खुशहाली की मंगलकामना की।
145 गोगामेड़ियों के भगत निशानों के साथ पहुंचे
कार्यकर्ता कैलाश चंद्र नवहाल ने बताया कि झारिया गोगाजी धाम से जुड़ी करीब 145 गोगामेड़ियों के भगत अपने-अपने निशानों के साथ धोक लगाने पहुंचे। पूरे दिन झारिया गांव गोगाजी महाराज, गोरखनाथ महाराज और आशा दास भगत के जयकारों से गूंजता रहा।
मेले के दौरान मेला मैदान में सैकड़ों दुकानें सजीं, जहां दिनभर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का जाब्ता तैनात रहा।
कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
शेखावाटी अंचल के इस बड़े मेले में चूरू शहर के अलावा लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर, रामगढ़ शेखावाटी, रतनगढ़, बिसाऊ, भालेरी, ददरेवा, सीकर, जयपुर, झुंझुनूं, जोधपुर, लोहारू, सिरसा सहित हरियाणा और असम के गुवाहाटी तक से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
मेले की व्यवस्थाओं और सफल आयोजन पर धाम के भगत ओमप्रकाश स्वामी ने पूर्व सरपंच जयकिशन स्वामी, मेला कमेटी, पुलिस प्रशासन, सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2386384


