[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

चूरू सभापति के लिए सालासर में भाजपा का महामंथन, राठौड़ ने संभाली कमान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसालासर

चूरू सभापति के लिए सालासर में भाजपा का महामंथन, राठौड़ ने संभाली कमान

30 भाजपा और 4 निर्दलीय पार्षदों के साथ रणनीति पर चर्चा; गोयनका, अनुराग, विजय शर्मा और अभिषेक चोटिया के नामों पर मंथन

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

सालासर : चूरू नगर परिषद में सभापति चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने अपने पार्षदों के साथ सालासर में डेरा डालकर चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। मंगलवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ और चूरू विधायक हरलाल सहारण के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने पार्षदों से सभापति पद के संभावित उम्मीदवार को लेकर रायशुमारी की।

राठौड़ ने पार्षदों से किया वन-टू-वन संवाद

सभापति पद के लिए उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया में राजेंद्र सिंह राठौड़ की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कैंप में मौजूद भाजपा के 30 और 4 निर्दलीय पार्षदों से राठौड़ ने अलग-अलग बातचीत कर उनकी राय जानी। पार्टी स्तर पर पार्षदों की पसंद और चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए संभावित नामों पर विचार किया जा रहा है।

चार नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा

नगर परिषद सभापति का पद अनारक्षित होने के कारण सामान्य वर्ग के प्रमुख चेहरों पर पार्टी का फोकस है। भाजपा में विनय ‘शेरू’ गोयनका, अनुराग शर्मा, पूर्व सभापति विजय शर्मा और अभिषेक चोटिया के नाम प्रमुखता से चर्चा में बताए जा रहे हैं। इनमें से तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजे जाने की बात सामने आई है।

प्रदेश मुख्यालय भेजा जाएगा तीन नामों का पैनल

पार्टी सूत्रों के अनुसार संभावित दावेदारों में से तीन नामों का पैनल तैयार कर भाजपा प्रदेश मुख्यालय, जयपुर भेजा जाएगा। प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद अधिकृत प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार की ओर से नामांकन दाखिल किया जाएगा।

मतदान के दिन ही चूरू लौटेंगे पार्षद

पार्टी ने पार्षदों को एकजुट रखने के लिए सालासर में कैंप लगाया है। सूत्रों के अनुसार क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए पार्षद मतदान के दिन एक साथ सालासर से चूरू पहुंचेंगे। सभापति चुनाव में भाजपा के लिए निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चूरू के साथ संभाग के अन्य निकायों में भी चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा संगठन सक्रिय है। ऐसे में सभापति पद के लिए अंतिम नाम पर प्रदेश नेतृत्व की मुहर का इंतजार है।

Related Articles