निकाय चुनावों में प्रत्याशियों की घोषणा से पहले पोस्टर वार:लिखा- बाहरी व्यक्ति नहीं चलेगा, पहले की कहानी दोहराने नहीं देंगे
निकाय चुनावों में प्रत्याशियों की घोषणा से पहले पोस्टर वार:लिखा- बाहरी व्यक्ति नहीं चलेगा, पहले की कहानी दोहराने नहीं देंगे
झुंझुनूं : झुंझुनूं में नगर परिषद चुनाव से पहले भाजपा के भीतर टिकट को लेकर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। वार्ड नंबर 31 के बाद अब वार्ड नंबर 50 में भी पोस्टर लगाकर पार्टी नेतृत्व को चेतावनी दी गई है। वार्ड के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों में बाहरी व्यक्ति को टिकट देने का विरोध किया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद वार्ड की राजनीति गरमा गई है और टिकट वितरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पोस्टरों में लिखा- बाहरी उम्मीदवार स्वीकार नहीं
वार्ड में लगाए गए पोस्टरों में लिखा है कि यदि भाजपा वार्ड के बाहरी व्यक्ति को टिकट देती है तो पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। पोस्टरों में स्थानीय व्यक्ति को टिकट देने की मांग करते हुए लिखा गया है- ‘बाहरी व्यक्ति नहीं चलेगा। वार्ड के विकास के लिए अपना व्यक्ति… वार्ड हमारा, अधिकार हमारा और वार्ड में रहेगा हमारा अपना साथी।’ साथ ही लिखा- ‘पहले की कहानी दुबारा नहीं दोहराने देंगे’। पोस्टरों के नीचे ‘समस्त वार्डवासी’ लिखा गया है। दरअसल, संदेश देने की कोशिश है कि बाहरी उम्मीदवार के विरोध में स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
टिकट की घोषणा से पहले ही शुरू हुआ विरोध
भाजपा ने अभी वार्ड 50 से अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। हालांकि, किसी दूसरे वार्ड के नेता को टिकट दिए जाने की चर्चाओं के बीच पोस्टर सामने आने से पार्टी के भीतर हलचल बढ़ गई है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से वार्ड में सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया गया तो इसका विरोध किया जाएगा। स्थानीय दावेदार भी टिकट के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं।
कई स्थानीय दावेदार टिकट की दौड़ में
वार्ड 50 से भाजपा के टिकट के लिए कई स्थानीय चेहरे सक्रिय हैं। इनमें पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन के साथ जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में स्थानीय दावेदारों को उम्मीद है कि पार्टी इस बार वार्ड के ही किसी कार्यकर्ता पर भरोसा जताएगी।
भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है वार्ड 50
वार्ड नंबर 50 को भाजपा का परंपरागत मजबूत वार्ड माना जाता है। यहां 1,200 से अधिक वोटर्स हैं और पिछले चुनावों में भाजपा को अच्छा समर्थन मिलता रहा है। यही वजह है कि टिकट को लेकर यहां की दावेदारी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वार्ड 50 में गांधी चौक, सब्जी मंडी, सफेदी माता क्षेत्र, बिहारी जी मंदिर, कपड़ा मार्केट का दायां हिस्सा, गुदड़ी बाजार, धर्मदास भवन, श्रीकृष्ण अपार्टमेंट और छावनी बाजार जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं। व्यापारिक और घनी आबादी वाले इस वार्ड में स्थानीय पहचान और जनसंपर्क चुनावी समीकरणों में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
वार्ड 31 के बाद दूसरा मामला
इससे पहले वार्ड नंबर 31 में भी बाहरी उम्मीदवार के विरोध में पोस्टर लगाए गए थे। अब वार्ड 50 में इसी तरह का विरोध सामने आने से भाजपा के सामने टिकट वितरण को लेकर चुनौती बढ़ती दिखाई दे रही है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, अब स्थानीय स्तर पर दावेदारों की नाराजगी को साधते हुए प्रत्याशी चयन किया जाएगा, साथ ही उसकी मजबूत स्थिति का भी आकलन किया जाएगा, जिससे निकाय चुनावों में जीत हासिल की जा सके।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2327615


