जन-जन तक पहुंचाएं ‘जल है तो कल है’ का संदेश : विधायक सहारण
चूरू में जल अर्पण कार्यक्रम, जल जीवन मिशन की 100 पूर्ण योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जल जीवन मिशन के तहत रविवार को जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम चित्तौड़गढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़ा रहा।
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि जल जीवन मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाएं मजबूत हुई हैं। इसका उद्देश्य केवल हर घर तक नल से पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि पेयजल सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण, नियमित और दीर्घकालिक बनाना तथा जल संरक्षण में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने कहा कि ‘जल है तो कल है’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा। जल स्रोतों का संरक्षण, पानी की बचत और उपलब्ध जल का उचित उपयोग प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण और पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग भविष्य की जल सुरक्षा के लिए जरूरी है। सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना से जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जल संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आमजन को पानी की बर्बादी रोकने तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जल जीवन मिशन के तहत जिले में पूर्ण हो चुकी 100 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की गईं। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता शरद माथुर, अधीक्षण अभियंता रमेश कुमार राठी, अधिशाषी अभियंता प्रेम कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे। संचालन उमेश दाधीच ने किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2314696


