[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वर्कशॉप: डोटासरा बोले- कांग्रेस में रहकर भाजपा की मदद करने वालों पर होगी सख्ती, दल-बदलुओं के अब खोटे दिन


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वर्कशॉप: डोटासरा बोले- कांग्रेस में रहकर भाजपा की मदद करने वालों पर होगी सख्ती, दल-बदलुओं के अब खोटे दिन

सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वर्कशॉप: डोटासरा बोले- कांग्रेस में रहकर भाजपा की मदद करने वालों पर होगी सख्ती, दल-बदलुओं के अब खोटे दिन

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत

सीकर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पंचायती राज एवं निकाय चुनावों को लेकर आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वर्कशॉप में संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं को ही सम्मान मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस में रहकर भाजपा की मदद करने वालों और दल-बदल करने वालों के प्रति अब संगठन गंभीर रुख अपनाएगा।

डोटासरा ने कहा कि टिकट वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ होगा। जो व्यक्ति पार्टी की बैठकों में सक्रिय रहेगा, जनता के बीच कार्य करेगा और संबंधित वार्ड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पसंद होगा, उसी को टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक परिवार है, जहां अहंकार के लिए कोई स्थान नहीं है।

दल-बदलुओं पर सख्त संदेश

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अतीत में ऐसे लोग भी रहे जिन्होंने कांग्रेस में रहते हुए भाजपा नेताओं की मदद की। उन्होंने महरिया परिवार का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस में रहते हुए उन्होंने भाजपा नेता घनश्याम तिवाड़ी का समर्थन किया था। अब ऐसे लोगों के लिए संगठन में कोई स्थान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “दल-बदलुओं के अब खोटे दिन हैं। जो पार्टी छोड़ेंगे, उनके बारे में गंभीरता से विचार किया जाएगा।”

युवाओं को मिलेगा मौका

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का स्पष्ट निर्देश है कि संगठन और चुनावों में युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में 50 प्रतिशत टिकट युवाओं को देने की नीति पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता आम जनता के बीच सक्रिय रहेगा, वही चुनाव जीतने की क्षमता रखेगा।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारी आम जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सीकर मास्टर प्लान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इसे तैयार कर अधिसूचना जारी की थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे रद्द कर विकास कार्यों को रोक दिया।

गहलोत और मालवीय पर दी सफाई

हाल ही में दिए गए अपने बयानों पर सफाई देते हुए डोटासरा ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया और भाजपा ने उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया।

चिरंजीव राव बोले – कांग्रेस के सिंबल पर लड़ें चुनाव

कार्यक्रम में प्रदेश सह-प्रभारी चिरंजीव राव ने कहा कि आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव भाजपा के खिलाफ सेमीफाइनल साबित होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे व्यक्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस के चुनाव चिन्ह को ध्यान में रखकर चुनाव लड़ें और संगठन को मजबूत करें। उन्होंने मतदाता सूची की गहन जांच करने की भी सलाह दी।

बैठक में अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

चिरंजीव राव ने बैठक में कई मंडल अध्यक्षों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकों में सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में कई नेता रहे मौजूद

वर्कशॉप की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने की। इस दौरान फतेहपुर विधायक हाकम अली, विधायक राजेंद्र पारीक, विशाल जांगिड़, राजेश सैनी, जीवण खां सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीकर जिला कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी का पदग्रहण एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।

Related Articles