न्यू सांगानेर रोड पर जेडीए का बुलडोजर एक्शन, 80 से अधिक मकान-दुकानों के हिस्से तोड़े
हाईकोर्ट के निर्देश पर दूसरे चरण में 800 मीटर क्षेत्र में आठ घंटे चली कार्रवाई; शादी वाले दिन मैरिज गार्डन का गेट भी तोड़ा, व्यापारियों और मकान मालिकों ने जताई नाराजगी
जयपुर : न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। अभियान के दूसरे चरण में गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे की ओर मेट्रो पिलर संख्या 84 से 105-107 के बीच करीब 800 मीटर क्षेत्र में 80 से अधिक मकानों, दुकानों और व्यावसायिक भवनों के सड़क सीमा में आ रहे हिस्से ध्वस्त किए गए। सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई कार्रवाई लगभग आठ घंटे तक चली। दो जेसीबी मशीनों और चार प्रवर्तन टीमों की मदद से रैंप, सीढ़ियां, रेलिंग, टिनशेड, बाउंड्रीवॉल, दीवारें और भवनों के आगे के हिस्से हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने विरोध किया। कुछ स्थानों पर पुलिस और व्यापारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जेडीए की टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई में जोन-सी के उपायुक्त हेमंत कुमार, प्रवर्तन अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मेट्रो पिलर संख्या 104 के पास दुकानदारों ने विरोध किया, जिन्हें पुलिस ने पीछे हटाया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे और मोबाइल से कार्रवाई के वीडियो बनाते रहे।
विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास होटल लजीज के सामने सड़क सीमा में आ रहे करीब 4 से 7 फीट हिस्से को तोड़ा गया। कलकत्ता मैरिज गार्डन की दीवार और प्रवेश द्वार तथा संजीवनी हॉस्पिटल की सड़क सीमा में आ रही दीवार भी ध्वस्त की गई। इसके अलावा होटल, मैरिज गार्डन, अस्पताल, मकानों और दुकानों के आगे बने निर्माण हटाए गए।

शादी के दिन मैरिज गार्डन का गेट टूटा, परिवार ने जताई नाराजगी
कार्रवाई के दौरान कलकत्ता मैरिज गार्डन में शादी समारोह होने के कारण मामला चर्चा में रहा। बुधवार को यहां शादी थी और जोधपुर से बारात आने वाली थी। जेडीए ने मैरिज गार्डन की दीवार के साथ प्रवेश द्वार और बाहर की सजावट भी हटा दी। इससे शादी वाले परिवार को परेशानी हुई। दुल्हन की मां चंद्ररेखा ने कहा कि बुकिंग के समय मैरिज गार्डन संचालक ने अतिक्रमण या कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं दी थी। शादी के दिन कार्रवाई से सारी व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।
दुल्हन के पिता अमर सिंह ने बताया कि उन्होंने जेडीए टीम से शादी समारोह को देखते हुए शाम तक गेट नहीं तोड़ने का आग्रह किया था। उनका कहना था कि पहले गेट का कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया था, लेकिन बाद में उसे भी तोड़ दिया गया। इससे सजावट का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। परिवार ने कार्रवाई के समय को लेकर नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने सर्वे और कार्रवाई के तरीके पर उठाए सवाल
न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विक्रम चाहर ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से इस क्षेत्र में व्यापार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सर्वे मेट्रो पिलर को आधार बनाकर किया गया है, जबकि मेट्रो लाइन की स्थिति को लेकर भी सवाल हैं। व्यापारी पंकज शर्मा ने कहा कि पहले चरण में भी व्यापारियों ने खुद को ठगा महसूस किया था और दूसरे चरण में भी उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
दुकानदार लक्ष्मण यादव का कहना था कि कई दुकानदारों ने अपने स्तर पर निर्माण हटाना शुरू कर दिया था और दुकानों में सामान रखा हुआ था, इसके बावजूद कार्रवाई की गई। उन्होंने पुलिस पर धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप लगाए। दुकानदार तोलाराम यादव ने बताया कि उन्हें 27 सितंबर को नोटिस मिला था। इसके बाद से वे लगातार निर्माण हटाने का काम कर रहे थे, लेकिन दीपावली के कारण मजदूर नहीं मिल पाए। उन्होंने जेडीए से खुद निर्माण हटाने के लिए समय मांगा था। इसके बावजूद कार्रवाई की गई। उन्होंने स्थानीय विधायक की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई।

जेडीए का दावा- नोटिस और आपत्तियों के निस्तारण के बाद कार्रवाई
जेडीए के अतिरिक्त मुख्य नियंत्रक इस्लाम खान के अनुसार न्यू सांगानेर रोड पर 100 फीट सड़क सीमा में आ रहे करीब 70 से 80 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें से लगभग 25 से 30 लोगों ने अपने स्तर पर निर्माण हटा लिए हैं। शेष अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। उनकी आपत्तियां सुनने और निस्तारण के बाद नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई है। कुछ लोगों ने स्वयं निर्माण हटाने के लिए समय मांगा था, जिन्हें समय भी दिया गया। अभियान चिह्नित अतिक्रमण हटने तक जारी रहेगा।
सर्किल ऑफिसर जेठू सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए लोगों को पहले समझाइश दी गई थी। कुछ लोगों ने निर्माण हटाने के लिए समय मांगा था, जिस पर उन्हें समय दिया गया। इसके बाद कई लोगों ने स्वयं निर्धारित सीमा तक निर्माण हटा लिए।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद तेज हुई कार्रवाई
न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान राजस्थान हाईकोर्ट के 6 अगस्त 2026 के आदेश की पालना से जुड़ा है। सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के मामले में हाईकोर्ट ने जेडीए को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। 16 सितंबर को हुई सुनवाई में अदालत ने अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर जेडीए आयुक्त, जेडीए सचिव और नगर निगम आयुक्त को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की चेतावनी दी गई थी। सड़क सीमा में आने वाले करीब 210 लोगों को राजस्थान नगर सुधार अधिनियम की धारा 72 के तहत नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेडीए ने कार्रवाई तेज की।
पहले चरण में 50 निर्माण हटाए, कुल 2.4 किलोमीटर क्षेत्र में अभियान
मास्टर प्लान के अनुसार गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर लंबी न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। जेडीए के अनुसार अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई घटकर 40 से 60 फीट तक रह गई है। अभियान के पहले चरण में 5 अक्टूबर को गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक करीब 700 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई कर लगभग 50 मकानों और दुकानों के अवैध हिस्से हटाए गए थे। अब दूसरे चरण में शेष हिस्से में कार्रवाई की जा रही है। पूरे मार्ग पर करीब 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं।
जेडीए की प्रस्तावित कार्रवाई के दायरे में गोवर्धन कॉलोनी, रामनगर-डीए विश्वा नगर, कच्ची बस्ती, सुरेंद्र पाल कॉलोनी, विवेक विहार, देवी नगर, कटेवा नगर, अशोक नगर, एए श्याम नगर, ईए श्याम नगर, डीए कीर्ति नगर, तीर्थ नगर, कैलाशपुरी, शिवपुरी, डीपी कॉलोनी और गणेश नगर-ए सहित आसपास के कई क्षेत्र शामिल हैं। इसके लिए चार प्रवर्तन टीमें तैनात की गई हैं। जेडीए का कहना है कि सड़क सीमा से अतिक्रमण हटने पर चौड़ीकरण का रास्ता साफ होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं प्रभावित व्यापारियों और निवासियों ने कार्रवाई के तरीके, समय और मुआवजे को लेकर सवाल उठाए हैं।

जीवनभर की पूंजी से बनाया मकान टूटने पर भावुक हुए लोग
कार्रवाई के दौरान कई मकान मालिक और दुकानदार भावुक हो गए। मंजू कुमावत ने रोते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर की पूंजी लगाकर मकान बनाया था। उन्होंने सरकार से नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की। कुछ परिवारों ने जेडीए अधिकारियों से खुद निर्माण हटाने के लिए समय देने की अपील की।
मेट्रो पिलर संख्या 88 के सामने एक तीन मंजिला मकान के आगे परिवार के सदस्य कार्रवाई रोकने के लिए खड़े हो गए। उनका कहना था कि वे स्वयं अवैध हिस्सा हटा देंगे। ममता कुमावत ने कहा कि त्योहार के कारण मजदूर और सेंटिंग का काम समय पर नहीं मिल पाया। वे पहले ही तीन फीट हिस्सा हटा चुके हैं और शेष निर्माण भी खुद हटाना चाहते हैं। उनका आरोप था कि बुलडोजर चलने से पूरे मकान को नुकसान पहुंच सकता है।
सीमा शर्मा ने दावा किया कि उनके मकान में चार परिवार रहते हैं और प्रशासन ने पहले कार्रवाई के लिए 7 दिसंबर की तारीख बताई थी, लेकिन उससे पहले ही निर्माण तोड़ने पहुंच गया। उन्होंने मुआवजे की मांग की। स्थानीय निवासी पूनम शर्मा ने बताया कि पिलर संख्या 127 के पास उनका करीब 50 साल पुराना मकान और दुकान है। कार्रवाई से परिवार के सामने आवास और रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
कुछ लोगों ने जेडीए की कार्रवाई में भेदभाव के आरोप भी लगाए। स्थानीय निवासी दुर्गालाल ने कहा कि उनकी दुकान के पीछे बनी एक अन्य इमारत पर कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उनके निर्माण को तोड़ दिया गया। उन्होंने कुछ प्रभावशाली लोगों के निर्माण छोड़ने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने होटल लजीज और आसपास की कुछ इमारतों पर कार्रवाई के तरीके को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि कुछ भवनों के ऊपरी हिस्से छोड़कर केवल निचले हिस्सों पर कार्रवाई की गई। पेट्रोल पंप पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए।

कर्तव्य की उपेक्षा पर आपराधिक कार्रवाई का अधिकार
जेडीए अधिनियम, 1982 की धारा 72(14) के तहत अतिक्रमण रोकने अथवा हटाने का दायित्व सौंपे जाने के बावजूद कर्मचारी कर्तव्य की उपेक्षा करता है तो उसके विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई का प्रावधान है। राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 14(iii) में कर्मचारी की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन से सरकार को हुई प्रमाणित आर्थिक क्षति की राशि उसके वेतन से वसूल करने का प्रावधान है। सुरेंद्र सिंह राठौड़, एडवोकेट
14 वर्षों में ये अफसर तैनात रहे, जवाबदेही तय हो
न्यू सांगानेर रोड का यह हिस्सा जोन-5 में आता रहा है। 2012 से मार्च 2024 के बीच अशोक कुमार शर्मा, नितेंद्र पाल सिंह, डॉ. बीडी कुमावत, लोकेश कुमार सहल, सुनील भाटी, अवधेश सिंह, तेजराम चौधरी, रामलाल गुर्जर, मो. अबुबकर, आमा बेनीवाल, मधुसूदन पालीवाल, सुखवीर सैनी, सीमा कुमार, राकेश कुमार गुप्ता, रामनारायण बड़गुर्जर, रघुनाथ सिंह, मनोज कुमार, मनीष कुमार, नवल किशोर बैरवा, बलवंत सिंह लिगरी, ओमप्रकाश थानवी, रवि विजय, रामरतन शर्मा, नानूराम सैनी, नरेश सिंह तंवर, अशोक कुमार योगी, वीरेंद्र सिंह-II, जगत राजेश्वर और जगदीश नारायण यादव यहां तैनात हुए।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2551019


