[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

चुनावी वादों की धज्जियां उड़ाती फतेहपुर की सड़कें…!!


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़फतेहपुरराजस्थानराज्य

चुनावी वादों की धज्जियां उड़ाती फतेहपुर की सड़कें…!!

देवास-आसास मार्ग पर भ्रष्टाचार का 'डामर', 20 MM का दावा और 5 MM की हकीकत!

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अनिल शेखीसर ​

फतेहपुर : चुनाव के वक्त जो नेता बड़े-बड़े पोस्टरों पर लुभावने वादे चिपकाकर जनता को ‘विकास’ का सपना दिखाते हैं और खुद को जनता का सच्चा सेवक साबित करने का ढोंग करते हैं, चुनाव बीतते ही वही वादे डामर की तरह उखड़ने लगते हैं।

फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के देवास से आसास गांव के बीच बन रही करीब 1.5 किलोमीटर लंबी डामर सड़क ने एक बार फिर राजनेताओं के खोखले दावों और प्रशासनिक साठगांठ की पोल खोलकर रख दी है।

शासन की गाढ़ी कमाई के पैसे पर जारी इस घटिया निर्माण और मानकों की उड़ती धज्जियों को देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य का कड़ा विरोध किया और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।

​जयपुर गुलाबी टाइम्स टीम की पड़ताल में जो कड़वी हकीकत सामने आई है, वह आंखें खोल देने वाली है। इस सड़क पर जहां तय मापदंडों के अनुसार 20 एमएम मोटाई की डामर परत बिछाई जानी चाहिए थी, वहां महज़ 5 एमएम का लीपापोती वाला काम कर सीधे-सीधे जनता की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। निर्माण के नाम पर ऐसा खिलवाड़ चल रहा है कि सड़क पर कंक्रीट और गिट्टी साफ नजर आ रही है तथा फिनिशिंग का दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं है।

​स्थानीय ग्रामीण रिछपाल और निलेश ने शासन-प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सड़क निर्माण में नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि अगर वक्त रहते इस घपले को नहीं रोका गया और सड़क की तकनीकी जांच नहीं हुई, तो पहली ही बारिश में यह सड़क पूरी तरह बह जाएगी। इससे एक तरफ जहां जनता को आवागमन में नारकीय स्थिति झेलनी पड़ेगी, वहीं दूसरी ओर शासन के बजट का खुलेआम बंदरबांट पूरा हो जाएगा।

​जनता के आक्रोश के बीच जब पीडब्ल्यूडी के एईएन अरविंद भास्कर से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने हमेशा की तरह वही घिसा-पिटा और रटा-रटाया बयान दे दिया कि यदि कहीं सामग्री या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो मापदंडों के अनुसार कार्य करवाया जाएगा।

लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी तब जागेंगे जब सड़क उखड़ जाएगी या फिर नेताओं की शह पर चल रहे इस भ्रष्टाचार पर तुरंत हथौड़ा चलाया जाएगा?

Related Articles