बारिश की कमी से खरीफ फसल पर संकट: सुजानगढ़ में लक्ष्य से कम बुवाई, किसान अच्छी बरसात के इंतजार में
73 हजार हेक्टेयर में हुई खरीफ की बुवाई, पिछले साल के मुकाबले आधी से भी कम बारिश दर्ज
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : गजराज शर्मा
सुजानगढ़ : क्षेत्र में मानसून की कमजोर रफ्तार के चलते खरीफ की फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि विभाग के अनुसार क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई तो हो चुकी है, लेकिन अब फसल पूरी तरह आगामी बारिश पर निर्भर है।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक गोविंद सिंह ने बताया कि इस वर्ष 97,462 हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बुवाई का लक्ष्य रखा गया था, जबकि अब तक करीब 73 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हो चुकी है। सबसे अधिक 28 हजार हेक्टेयर में बाजरा, 25,600 हेक्टेयर में मूंग, 8,500 हेक्टेयर में ग्वार, 6,500 हेक्टेयर में मूंगफली, 3,200 हेक्टेयर में मोठ, 700 हेक्टेयर में चंवला, 300 हेक्टेयर में कपास, 80 हेक्टेयर में तिल तथा 140 हेक्टेयर में चारे की बुवाई की गई है। कुछ क्षेत्रों में अभी भी बुवाई का कार्य जारी है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 31 जुलाई तक इस वर्ष केवल 203 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 412 मिमी वर्षा हुई थी। यानी इस बार अब तक पिछले साल की तुलना में आधे से भी कम बारिश हुई है।
किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश हो जाती है तो फसलों की स्थिति सुधर सकती है, लेकिन बारिश में और देरी हुई तो उत्पादन पर विपरीत असर पड़ेगा। सालासर रोड निवासी किसान गोपाल तेतरवाल ने बताया कि दो-तीन अच्छी बारिश होने पर न केवल खरीफ की फसल बेहतर होगी, बल्कि देसी सब्जियों का उत्पादन भी अच्छा होगा।
गौरतलब है कि सुजानगढ़ क्षेत्र का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बारानी है। यहां सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं हैं और भूजल भी अधिकांश स्थानों पर खारा होने के कारण किसान पूरी तरह मानसून पर निर्भर रहते हैं। यही वजह है कि बाजरा, मूंग, ग्वार और अन्य खरीफ फसलों का भविष्य इस समय अच्छी बारिश पर टिका हुआ है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2283078


